दिल्ली पुलिस ने चलाया रात्रि गश्त अभियान, रात 9 बजे से 2 बजे तक सड़कों पर उतरे तमाम आलाधिकारी; एक्शन में रेखा सरकार
राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने रात्रि गश्त अभियान चलाया। इसके तहत पूरी रात सड़कों पर गश्त की गई।
- भारत
- 3 min read

राष्ट्रीय राजधानी की सुरक्षा को लेकर एक्शन शुरू हो गए हैं। इस कड़ी में बीती रात्र को दिल्ली पुलिस द्वारा रात्रि गश्त अभियान चलाया गया। कांस्टेबल से लेकर पुलिस कमिश्नर तक पूरी रात सड़कों पर गश्त करते नजर आए। इस दौरान राजधानी में जगह-जगह सड़कों पर बैरिकेड लगाकर जांच-पड़ताल की गई। कुछ संदिग्ध नजर आने पर पुलिस कागजी जांच के साथ पुलिस पूछताछ करती भी नजर आई।
दिल्ली में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों लगातार मंथन कर रही है। बीते दिनों इसी उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गृह राज्य मंत्री आशीष सूद समेत प्रशासन के तमाम आलाधिकारी ने एक अहम बैठक की थी। इस बैठक में प्रशासन के अधिकारियों को कानून व्यवस्था में सुधार के लिए कई दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसके बाद मंगलवार रात्रि से इस पर काम भी शुरू हो गया।
अपराध को रोकने की दिशा में कदम- विशेष आयुक्त
दिल्ली पुलिस द्वारा रात्रि गश्त के तहत विशेष सुरक्षा अभियान चलाए जाने पर दिल्ली पुलिस की विशेष आयुक्त गरिमा भटनागर ने कहा, कई बैठकें करने और नई सरकार के गठन के बाद, अपराध को और कम करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। जब गश्त की जाती है तो पुलिस कर्मचारी भी प्रोत्साहित महसूस करते हैं। हमें दिल्ली को सुरक्षित रखना है।
रात 9 बजे से 2 बजे तक हुई गश्ती
राजधानी में दिल्ली पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा अभियान के तहत रात्रि गश्त की अभियान चलाया गया। डीसीपी नॉर्थ दिल्ली, राजा बांठिया ने कहा, रात 9 बजे से 2 बजे तक जनरल गश्त का आह्वान पूरी दिल्ली में किया गया है उसी के संदर्भ में हमने नॉर्थ दिल्ली में गश्त किया। हम लोग संदिग्ध गाड़ियों की जांच कर रहे हैं। ज्ञात अपराधियों की भी जांच की जा रही है। इस प्रकार पूरा जिला इस प्रकार की कार्रवाई में लगा हुआ है।
Advertisement
सुरक्षा की भावना पैदा करना उद्देश्य- पुलिस आयुक्त
रात्रि गश्त अभियान को लेकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी ने कहा, गश्त का उद्देश्य क्षेत्र पर नियंत्रण करना और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करना है। हम दिल्ली की जनता में सुरक्षा की भावना भी पैदा करना चाहते हैं। वाहनों की भी जांच की जा रही है। विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत कांस्टेबल से लेकर पुलिस कमिश्नर तक पूरी रात जनरल गश्त में सड़क पर उतर गए। इसमें सभी पुलिस चौकी, थाना, सबडिवीजन के अलावा मेट्रो, एयरपोर्ट और रेलवे पुलिस के जवान समेत 2000 कर्मा पेट्रोलिंग में शामिल किए गए।