Republic Day 2025: गणतंत्र दिवस की परेड से पहले बंद हो जाएंगे दिल्ली के ये रूट्स, घर से निकलने से पहले पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी

गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किले तक जाएगी। सुबह 9:30 बजे इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर समारोह होगा।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Travel Advisory for Republic Day 2025
Travel Advisory for Republic Day 2025 | Image: PTI

Travel Advisory for Republic Day 2025: दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए यातायात परामर्श जारी कर यात्रियों को कई सड़कों पर लागू प्रतिबंधों और मार्ग परिवर्तन के बारे में जानकारी दी है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) डीके गुप्ता ने 'पीटीआई वीडियो' को बताया कि शनिवार शाम से शहर की सीमाओं पर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। गुप्ता ने कहा, 'हमने एक विस्तृत यातायात योजना बनाई है, जिसके अनुसार शनिवार (25 जनवरी) रात नौ बजे से सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और केवल आवश्यक वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। यह प्रतिबंध परेड समाप्त होने तक लागू रहेगा।'

विजय चौक से लाल किले तक जाएगी परेड

इसके अलावा विजय चौक से लाल किले तक परेड मार्ग की ओर जाने वाली सड़कों पर भी मार्ग परिवर्तन रहेगा। उन्होंने बताया कि शनिवार रात 9:15 बजे के बाद सी-हेक्सागन पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। 

परामर्श के अनुसार, गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किले तक जाएगी। सुबह 9:30 बजे इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर समारोह होगा। उन्होंने बताया कि परेड विजय चौक, कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के चारों ओर तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग और लाल किला से होकर गुजरेगी।

Advertisement

क्रॉस ट्रैफिक की नहीं दी जाएगी इजाजत

पुलिस ने कहा कि शनिवार को शाम पांच बजे से परेड खत्म होने तक विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, शनिवार को रात 10 बजे से रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड पर कर्तव्य पथ पर किसी भी क्रॉस ट्रैफिक की अनुमति नहीं दी जाएगी, जब तक कि गणतंत्र दिवस समारोह समाप्त न हो जाए। सी-हेक्सागन से इंडिया गेट तक का मार्ग रविवार को सुबह 9:15 बजे से लेकर परेड के तिलक मार्ग पार करने तक यातायात के लिए बंद रहेगा।

पुलिस ने कहा कि रविवार को सुबह 10:30 बजे से तिलक मार्ग, बीएसजेड मार्ग और सुभाष मार्ग पर दोनों तरफ से यातायात की अनुमति नहीं होगी। परेड की आवाजाही के आधार पर ही क्रॉस ट्रैफिक की अनुमति होगी। 

Advertisement

इसमें कहा गया है कि सड़क उपयोगकर्ताओं से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें तथा अपनी सुविधा के लिए सुबह 9:30 बजे से दोपहर एक बजे तक परेड के मार्ग से बचें।

लोगों को दी गई ये सलाह

हालांकि उत्तरी दिल्ली से नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों के लिए कोई प्रतिबंध नहीं होगा, फिर भी यह सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और संभावित देरी से बचने के लिए अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय लें। रविवार को गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सभी स्टेशन पर यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी।

इसमें कहा गया है कि यदि कोई अज्ञात वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना निकटतम ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को दी जानी चाहिए।

यह भी पढ़ें: 25 साल बाद भारत लौटीं एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी ने लिया संन्यास, किन्नर अखाड़े में महामंडलेश्वर बनीं; जान लीजिए नया नाम

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड