Delhi New CM: 20 फरवरी को मिलेगा नया मुख्यमंत्री, शपथ ग्रहण में 1 लाख लोग बनेंगे गवाह, NDA के शक्ति प्रदर्शन में कौन-कौन?

Delhi CM Oath: भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई की सोमवार शाम को बड़ी बैठक होनी है, जहां शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा की जाएगी।

Follow : Google News Icon  
PM Modi, JP Nadda, Rajnath Singh and Amit Shah at the BJP Convention
दिल्ली में 20 फरवरी को बीजेपी का नया मुख्यमंत्री शपथ ले सकता है. | Image: BJP/X

Delhi New CM Oath: दिल्ली में राजतिलक की तैयारी होने लगी है। 20 फरवरी को दिल्ली में नए मुख्यमंत्री के शपथ लेने की संभावना है। आधिकारिक तौर पर शपथ ग्रहण समारोह की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि अभी अनौपचारिक तौर पर जानकारी निकलकर आई है कि 20 फरवरी को शाम साढ़े 4 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इधर दिल्ली के रामलीला मैदान में कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

सूत्र बता रहे हैं कि रामलीला मैदान में बड़े स्तर के कार्यक्रम की तैयारी है, क्योंकि यहां तकरीबन 1 लाख लोगों के आने की उम्मीद की जा रही है। दिल्ली के शपथ ग्रहण समारोह में इतना तय है कि कई बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। एनडीए शासित राज्य के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी भी यहां देखी जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, रामलीला मैदान में पूरे एरिया को कवर किया जाएगा। यहां वीआईपी और वीवीआईपी के लिए बैठने की अलग सीटिंग एरिया होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, कॉरपोरेट जगत के उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

शपथ ग्रहण को लेकर दिल्ली बीजेपी में बड़ी बैठक

जानकारी ये भी सामने आई है कि भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई की सोमवार शाम को बड़ी बैठक होनी है, जहां शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में विनोद तावड़े, तरुण चुघ के अलावा दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा मौजूद रहेंगे।  कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ को प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस बैठक में सभी नवनिर्वाचित विधायक भी शामिल हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें: दिल्ली हारने के बाद केजरीवाल को एक और बड़ा झटका

Advertisement

19 फरवरी को विधायक दल की मीटिंग

सोमवार को दिल्ली में विधायक दल की मीटिंग होनी थी, जिसे रविवार रात टाल दिया गया। अभी सूत्र बताते हैं कि अब दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक 19 फरवरी को होगी। इसी बैठक में दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाना है। वैसे दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई नाम हैं, जिनमें सबसे प्रमुख नाम प्रवेश वर्मा का है। बीजेपी ने प्रवेश को नई दिल्ली में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मैदान में उतारा और केजरीवाल को हराने के बाद वह एक प्रमुख व्यक्ति बन गए।

सतीश उपाध्याय सीएम पद के लिए एक और मजबूत दावेदार हैं। वो दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं और दिल्ली युवा विंग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। सूची में तीसरा नाम आशीष सूद का है, जो दिल्ली में बीजेपी का पंजाबी चेहरा हैं। जितेंद्र महाजन को भी सीएम पद के लिए संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। पांचवां नाम विजेंद्र गुप्ता का है। अगर पार्टी किसी महिला नेता को चुनती है, तो दिल्ली की पूर्व मेयर और पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता एक संभावना हो सकती हैं।

Advertisement

दिल्ली में बीजेपी ने 70 में से 48 सीटें जीतीं

दिल्ली विधानसभा की 70 में से 48 सीटें जीतकर बीजेपी ने सत्ता हासिल कर ली है। इस चुनाव में बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला था। हालांकि इस बार AAP को सिर्फ 22 सीटें ही मिल पाईं। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन जैसे प्रमुख AAP नेता इस बार जीत का स्वाद नहीं चख पाए। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को मतदान हुआ था और 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए गए थे।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में हार, पंजाब में क्यों हाहाकार?

Published By :
Dalchand Kumar
पब्लिश्ड