Weather Update: भीषण गर्मी से दिल्ली-NCR वालों को राहत, आंधी-तूफान के साथ हो सकती है ओलावृष्टि, मौसम विभाग का फिर आया अलर्ट
Delhi NCR Weather Today: भीषण गर्मी के बाद अचानक दिल्ली और आस-पास के इलाकों के मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। वहीं मौसम विभाग ने भी ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
- भारत
- 2 min read

Aaj Mauam Ka Haal: दिल्ली और आस-पास के इलाकों NCR में रहने वालों के लिए एक बहुत अच्छी खबर है। लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे लोगों को सोमवार को हुई झमाझम बारिश ने बड़ी राहत दी है। ठंडी हवाओं और गरज के साथ हुई इस बारिश ने मौसम को एकदम सुहाना बना दिया है।
कैसा रहा दिल्ली का मौसम?
सोमवार की सुबह वैसी ही गर्म थी जैसे पिछले कुछ दिन रहे हैं। सुबह का न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.2 डिग्री ज्यादा था। आपको जानकर हैरानी होगी कि पिछले दो सालों में जून के महीने की यह दूसरी सबसे गर्म सुबह थी। इससे पहले 14 जून 2024 को तापमान 33.3 डिग्री तक गया था।
दिन का तापमान भी 41 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान था, लेकिन फिर मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ हुई अच्छी बारिश ने पारा गिरा दिया और लोगों को पसीने वाली गर्मी से आजादी दिलाई।
मौसम विभाग (IMD) का क्या कहना है?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही अनुमान लगाया था कि 29 जून से 1 जुलाई और फिर 5 जुलाई के बीच दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होगी।
Advertisement
हालांकि, राहत के बीच एक छोटा सा अलर्ट भी है। मौसम विभाग का कहना है कि 29 और 30 जून को दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हीटवेव यानी गर्म हवाएं भी चल सकती हैं, इसलिए धूप निकलने पर थोड़ी सावधानी जरूर बरतें।
मुंबई में भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट'
सिर्फ दिल्ली ही नहीं, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार और बुधवार को तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
गुरुवार और शुक्रवार के इन दो दिनों में कई इलाकों में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। लोगों को घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Advertisement
बाकी शहरों का क्या है हाल?
बारिश का सिलसिला सिर्फ दिल्ली और मुंबई तक सीमित नहीं है। यूपी के अयोध्या, बिहार के पटना और शिमला में भी बारिश ने दस्तक दे दी है, जिससे वहां का मौसम बेहद खुशनुमा हो गया है। देश के कई हिस्सों में अब बादलों ने अपना डेरा डाल लिया है और लोगों को तपती गर्मी से सुकून मिल रहा है।