अपडेटेड 28 June 2024 at 22:58 IST

मानसून के पहले ही दिन घुटनों पर आई दिल्ली की तमाम व्यवस्था, शालीमार बाग अंडरपास में डूबकर एक की मौत

Delhi Rains: शालीमार बाग अंडरपास में इतना पानी भरा हुआ है कि 2 बस भी फंसी हुई हैं। पानी में डूबकर जान गवाने वाला व्यक्ति आजादपुर मंडी में लेबर का काम करता था।

Follow : Google News Icon  
Delhi NCR Heavy Rain
मानसून के पहले ही दिन घुटनों पर आई दिल्ली की तमाम व्यवस्था | Image: PTI

Delhi Weather Update: दिल्लीवासी शुक्रवार सुबह सोकर उठे तो भारी बारिश राजधानी को तर-बतर कर चुकी थी। लोगों के घरों में पानी भर गया, वाहन डूब गए और मीलों लंबा जाम लग गया, जिसे खत्म होने में घंटों लग गए। हजारों यात्री सड़कों पर फंसे रहे। मानसून के पहले दिन लगातार तीन घंटे तक हुई बारिश ने सरकार और MCD के दावों की पोल खोलकर रख दी। तड़के हुई भारी बारिश के कारण गरीब बस्तियों से लेकर VVIP इलाकों में घुटनों-घुटनों तक पानी ही पानी दिखा। सड़कों पर हुए जलजमाव के कारण कई लोगों को अपनी जान भी गवानी पड़ी। शालीमार बाग अंडरपास में जल भराव के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई।

शालीमार बाग अंडरपास में इतना पानी भरा हुआ है कि दो बस भी फंसी हुई हैं। पानी में डूबकर अपनी जान गवाने वाला व्यक्ति आजादपुर मंडी में लेबर का काम करता है। वो अंडरपास को तैरकर पार करने की कोशिश कर रहा था। इसके अलावा रोहिणी इलाके में करंट लगने से एक की मौत हो गई, वसंत विहार में निर्माणाधीन दीवार गिरने पर 3 मजदूर उसके नीचे दब गए। शाम तक बचाव कार्य जारी रहा और हर बीतते मिनट के साथ उनके जिंदा बचे होने की उम्मीदें दम तोड़ने लगीं।

88 साल का टूटा रिकॉर्ड

आंकड़ों की माने तो पिछले 88 सालों में इस महीने सबसे अधिक बारिश हुई है। बारिश के कारण दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उड़ानों का संचालन निलंबित कर दिया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1936 के बाद शहर में पिछले 88 सालों में जून में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है, और 1901 से 2024 से बीच यह दूसरी सबसे अधिक बरसात है।

बारिश के बाद प्रगति मैदान की सुरंग बंद कर दी गई। इसके अलावा लुटियंस दिल्ली, हौज खास, साउथ एक्सटेंशन और मयूर विहार जैसे पॉश इलाकों समेत पूरे शहर में घरों में पानी भरने की खबरें मिली हैं। प्राथमिक मौसम केंद्र, सफदरजंग वेधशाला ने शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से पहले के 24 घंटों में 228.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की, जो जून की औसत बारिश 74.1 मिमी से तीन गुना अधिक है। साल 1936 के बाद से 88 सालों में इस महीने में हुई यह सबसे अधिक बारिश है।

Advertisement

24 घंटे में 228 मिलीमीटर बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार एक दिन में 124.5 से 244.4 मिमी के बीच हुई बारिश बहुत भारी बारिश मानी जाती है। IMD ने कहा कि दिल्ली में मानसून दस्तक दे चुका है। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, '1936 के बाद पहली बार दिल्ली में 24 घंटे में 228 मिलीमीटर बारिश हुई। इसका मतलब है कि दिल्ली में कुल मानसूनी बारिश (800 मिलीमीटर) में से 25 प्रतिशत बारिश सिर्फ 24 घंटे में हुई। इस वजह से कई इलाकों में नाले ओवरफ्लो हो गए और पानी निकलने में समय लगा।'

(भाषा इनपुट के साथ रिपब्लिक भारत डेस्क)

Advertisement

ये भी पढ़ें: मधुबनी में गिरा पुल तो तेजस्वी ने लिखा 'बुझो तो जानें', किस ओर इशारा कर गए RJD नेता, आपने समझा क्या?

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 28 June 2024 at 22:58 IST