Earth Hour: राजधानी में आज रात 8 बजकर 30 मिनट पर छा जाएगा अंधेरा! दिल्लीवाले घर में बंद रखेंगे बिजली के सारे स्विच; जानें इसकी वजह
Earth Hour 2026: आज 28 मार्च 2026 को रात 8:30 से 9:30 बजे तक दिल्लीवालों को अपने घर की सभी लाइट्स बंद रखनी होगी। क्योंकि आज ‘अर्थ आवर’ (Earth Hour) मनाया जा रहा है, ये एक 'पर्यावरण बचाओ' और 'बिजली बचाओ' अभियान है, जो दूनिया भर में मनाया जाता है। जानें राजधानी के लिए ये अभियान क्यों इतना खास है?
- भारत
- 3 min read

Delhi Earth Hour 2026: दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग ने शनिवार 28 मार्च 2026 को ‘अर्थ आवर’ (Earth Hour) मनाने के लिए एक पब्लिक नोटिस जारी किया है। राजधानी के लोगों से अपील की गई है कि आज शाम 8:30 बजे से 9:30 बजे तक घर, दुकान और दफ्तर की गैर-जरूरी लाइट्स और गैजेट्स बंद रखें। यह एक घंटे का छोटा कदम है, लेकिन जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा बचत के प्रति बड़ी जागरूकता पैदा करने वाला साबित होगा।
Earth Hour क्या है? लाइट बंद रखने की अपील
अर्थ आवर, WWF(वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर/ वर्ल्ड वाइल्डलाइफ फंड) का एक सालाना कार्यक्रम है। जिसके तहत दुनियाभर के लोगों से अपील की जाती है कि वे जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए, अपने घरों और कार्यस्थलों पर गैरजरूरी लाइट्स और बिजली चालित उपकरणों को तय समय के दौरान बंद रखें।
साल 2007 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर से ‘अर्थ आवर’ शुरू हुआ था। तब हजारों घरों और दुकानों ने एक साथ लाइट बंद करके पृथ्वी को संदेश दिया था। आज यह 190 से ज्यादा देशों में फैल चुका है और हर साल मार्च के आखिरी शनिवार को मनाया जाता है। इस बार की थीम है ‘Give An Hour For Earth’ यानी 'पृथ्वी के लिए अपना एक घंटा दें'।
दिल्ली सरकार ने की खास तैयारी
पर्यावरण विभाग (Department of Environment, GNCTD) ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी की है। भारत मंडपम समेत कई प्रमुख जगहों पर लाइट्स बंद रखी जाएगी। बिजली कंपनियां और दिल्ली मेट्रो भी इसमें शामिल हैं। सरकार का कहना है कि अगर दिल्ली के करोड़ों लोग इसमें हिस्सा लेंगे तो लाखों यूनिट बिजली बचाई जा सकती है। इससे कार्बन उत्सर्जन कम होगा और प्रदूषण से जूझ रहे शहर को थोड़ी राहत मिलेगी।
Advertisement
दिल्ली के लिए फायदेमंद है ये अभियान
दिल्ली प्रदूषण, ट्रैफिक और बढ़ती बिजली खपत की समस्या से लगातार जूझ रही है। ऐसे में यह एक घंटा सिर्फ अंधेरा नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक होगा। पिछले साल भी इंडिया गेट, लाल किला जैसे लैंडमार्क अंधेरे में डूबे थे और पूरे देश को मजबूत संदेश मिला था। क्योंकि अंधेरा डराने वाला नहीं, बल्कि सोचने वाला पल है। लाखों लोग एक साथ लाइट बंद करके बताएंगे कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। पर्यावरण विभाग ने अपील की है कि दिल्लीवासी आज 8:30 बजे अपने घरों में स्विच ऑफ करके प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। ताकि यह छोटा कदम आने वाले समय में बड़े पर्यावरणीय परिवर्तन की नींव बन सकता है।