Delhi: लोधी कॉलोनी में महिला की संदिग्ध मौत, 72 दिन पहले हुई थी शादी; परिजनों ने ससुरालवालों पर लगाया हत्या का आरोप
दिल्ली के लॉधी कॉलोनी में एक नवविवाहित महिल की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई है, शुरुआती जानकारी के मुताबिक पति और ससुराल पक्ष पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। जानें क्या है मामला? पूरी खबर पढ़ें
- भारत
- 2 min read

Delhi Crime News: दिल्ली के लोधी कॉलोनी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, एनडीएमसी आवासीय परिसर में तीसरी मंजिल से गिरकर एक नव विवाहिता युवती की मौत हो गई, युवती का नाम आकृति बताया जा रहा है। पालिका कुंज के B-ब्लॉक से आकृति को गंभीर हालत में एम्स लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ढाई महीने पहले हुई थी शादी
आकृति की मौत के बाद उसके परिजनों का आरोप है कि, शादी 24 अप्रैल को ही हुई थी, आकृति का पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे और दहेज मांगते थे। परिजनों ने साफ तौर पर ससुराल पक्ष पर हत्या के आरोप लगाए हैं।
खुदकुशी की संभावना से किया इनकार
आकृति के परिवार ने खुदकुशी की संभावना से साफ इनकार करते हुए कहा है कि आकृति जिम्मेदार और मानसिक रूप से काफी मजबूत लड़की थी। वहीं, पुलिस का भी मानना है कि शादी को सात साल पूरे नहीं हुए हैं, इसलिए एसडीएम को सूचित कर अनिवार्य कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि आकृति पुष्प विहार की रहने वाली थी और छतरपुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी, आकृति की पोस्ट यहां सेल्स एक्जीक्यूटिव थी। सिर्फ ढाई महीने पहले ही आकृति की लव मैरिज हुई थी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि महज ढाई महीने में किसी नवविवाहिता की संदिग्ध मौत कैसे हो सकती है।
मृतिका के भाई ने किया खुलासा
ताजा जानकारी, आकृति के भाई अमय सुतार ने कहा कि, ‘हमें ये सब कल रात 9:30 से 10:00 बजे के बीच पता चला। जब हमने पुलिस स्टेशन में फोन किया, तो हमें पता चला कि मेरी बहन का एक्सीडेंट या कोई बड़ी दुर्घटना हो गई है। जब हम यहां पहुंचे, तो हमें लगभग एक घंटे तक इंतजार कराया गया, हमें बताया गया कि वह हॉस्पिटल में है और हमें कॉल का इंतजार करना होगा। बाद में हमें बताया गया कि वह नहीं रही... वह लंबे समय से परेशान थी। उसका पति उस पर बहुत ज्यादा इल्जाम लगाता था। वह उसे टॉर्चर करता था, बहुत ज्यादा शक करता था और उसे मारपीट भी करता था।’