Delhi Crime: दिल्ली में दो अलग-अलग जगह फायरिंग, खजूरी खास में 23 साल के युवक की गोली मारकर हत्या, अमर कॉलोनी में भी सुनाई दी गोलियों की गूंज
Delhi Crime: दिल्ली में दो अलग-अलग जगह खुलेआम फायरिंग की गई है। एक तरफ खजूरी खास में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है तो दूसरी ओर अमर कॉलोनी में भी गोलियों की अवाज ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। एक 17 साल के लड़के पर हमला किया गया। क्या कर रही थी दिल्ली पुलिस ? पढ़ें पूरी खबर।
- भारत
- 3 min read

Delhi Crime: दिल्ली में दो अलग-अलग जगह फायरिंग की घटना के बाद हड़कंप मच गया। खुलेआम बदमाशों ने बेखौफ होकर खजूरी खास में 23 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। दूसरी ओर अमर कॉलोनी में भी गोलियों की गूंज सुनाई दी, जहां 17 साल के लड़के पर जानलेवा हमला किया गया।
क्या कर रही थी दिल्ली पुलिस ?
दिल्ली में इस तरह हुई गोलीबारी की घटना यकीनन दिल्ली की कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल उठाती है। आखिर दिल्ली पुलिस के होते हुए बदमाश कैसे इतने बेखौफ होकर फायरिंग कर निकाल जा रहे हैं, ये चिंता का विषय है। फिलहाल दोनों फायरिंग के पीछे जुड़ी कहानी की बात करें तो, अमर कॉलोनी में एक मामूली विवाद के बाद 17 साल के लड़के को गोली मारी गई, जबकि खजूरी खास में 23 साल के युवक राजा मेवाती उर्फ अक्की उर्फ आकीब की गोली लगने से मौत हो गई। दोनों ही मामलों में दिल्ली पुलिस ने अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमर कॉलोनी में कुर्सी छूने पर विवाद, फिर चली गोली
अमर कॉलोनी में शाम करीब 7 बजकर 54 मिनट पर फायरिंग की घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, 17 साल का पीड़ित लड़का एक लड़की के साथ खाने की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान कुछ लड़कों का ग्रुप वहां से गुजरा। ग्रुप में शामिल एक व्यक्ति की कुर्सी से टकराहट हो गई, जिस पर पीड़ित ने एतराज जताया। बहस के बाद ग्रुप चला गया, लेकिन करीब 4-5 मिनट बाद वही युवक लौटे और एक राउंड फायर कर मौके से भाग गए। घायल लड़के को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है, फिलहाल उसे AIIMS ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस की क्राइम टीम भी मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए। टेक्निकल सर्विलांस के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है। बताया जा रहा है कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।
Advertisement
खजूरी खास में 23 साल के युवक को मारी गोली
दूसरी घटना खजूरी खास इलाके में हुई। यहां गोली लगने से 23 साल के राजा मेवाती उर्फ अक्की की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने उसे JPC अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। दिल्ली पुलिस ने दोनों मामलों में तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी तक किसी गिरफ्तारी नहीं हुई है। लेकिन जांच जारी है।
ये दोनों घटनाएं दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर फिर सवाल खड़े कर रही हैं। आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।