दिल्ली: वसुंधरा एन्क्लेव में असिस्टेंट प्रोफेसर की रहस्यमयी मौत, बाहर से बंद फ्लैट के अंदर मिला शव
पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव में असिस्टेंट प्रोफेसर देवोस्मिता पॉल का शव फ्लैट में मिला। उनकी बहन ने बताया कि फ्लैट बाहर से बंद था। कई बार फोन करने पर जवाब न मिलने पर ताला तोड़कर अंदर देखा तो बहन मृत अवस्था में मिलीं।
- भारत
- 2 min read

पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित एक अपार्टमेंट में एक महिला की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत देवोस्मिता पॉल के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले को हत्या की संभावना मानते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब 2:35 बजे न्यू अशोक नगर थाने को एक महिला का फोन आया। फोन करने वाली महिला ने बताया कि उसकी बहन का शव फ्लैट के अंदर पड़ा हुआ है और उसकी हत्या कर दी गई है। जिसके बाद तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
शिकायतकर्ता देवरति पॉल ने बताया कि उनकी बहन देवोस्मिता पॉल अकेली रहती थीं। सुबह से फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद था। कई बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद अनहोनी की आशंका में उन्होंने फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर देखा। अंदर पहुंचते ही बहन का शव फ्लैट में पड़ा मिला।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को बुलाया गया। टीम ने फ्लैट का गहन निरीक्षण किया और मौके से महत्वपूर्ण फोरेंसिक सबूत भी एकत्र किए गए। मृतका का शव पोस्टमॉर्टम के लिए एलबीएस अस्पताल भेज दिया गया है।
Advertisement
परिवार से अलग रहती थीं देवोस्मिता
देवोस्मिता पॉल अपने परिवार से अलग रहती थीं और शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फ्लैट बंद होने के बावजूद मौत कैसे हुई। टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और हर संभव पहलू पर छानबीन की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ये भी पढ़ें: जेवर एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर फिसलकर पलट गई भारी क्रेन; कई मजदूर दबे