अपडेटेड 15 June 2024 at 13:29 IST

दिल्ली में गहराए जल सकंट पर कांग्रेस का 'मटका फोड़' प्रदर्शन, केजरीवाल सरकार को घेरा

Congress ने कहा कि दिल्ली सरकार ने शहर में पानी की कमी को दूर करने के लिए उचित कदम नहीं उठाए।

Follow : Google News Icon  
Congress Protest
कांग्रेस का प्रदर्शन | Image: ANI

Delhi News: कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने राष्ट्रीय राजधानी में व्याप्त जल संकट को लेकर शनिवार को विभिन्न स्थानों पर 'मटका फोड़' प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन राजधानी के 280 ब्लॉक में सुबह 10 बजे शुरू हुआ।

सिर पर मटके और हाथ में कांग्रेस के झंडे लेकर प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में, उन्होंने मटकों को जमीन पर पटककर फोड़ दिया।

कांग्रेस ने की ये मांग

कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र यादव भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राजधानी में गहराए जल सकंट के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग की। उन्होंने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार ने शहर में पानी की कमी को दूर करने के लिए उचित कदम नहीं उठाए हैं, जिसके कारण लोगों को पानी के टैंकरों के पीछे भागना पड़ रहा है।

हरियाणा सरकार पर AAP ने लगाए आरोप

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा था कि यमुना नदी में कम पानी छोड़े जाने से दिल्ली में लगातार पानी की कमी हो रही है। आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित हरियाणा पर दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं देने का आरोप लगाया है।

Advertisement

आतिशी ने आंकड़े साझा करते हुए कहा कि छह जून को पानी की मात्रा 1002 एमजीडी थी, जो अगले दिन यानी सात जून को 993 एमजीडी और आठ जून को 990, नौ जून को 978 एमजीडी, 10 जून को 958 एमजीडी, 11 जून को 919, 12 जून को 951 और 13 जून को 939 एमजीडी रह गई।

यह भी पढ़ें: 

Advertisement

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 15 June 2024 at 13:29 IST