'दिल्लीवासी यमुना के तट पर पूजा करने से महरूम रहे, पिछली सरकार के चिंटू-मिंटू...', CM रेखा ने 'नमो यमुना रिवर सफारी' के लॉन्च पर AAP पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार निशाना साधते हुए कहा कि सालों तक दिल्लीवासी यमुना के तट पर पूजा करने से महरूम रहे। लेकिन आपके एक वोट की ताकत ने जिस सरकार को दिल्ली में बिठाया, उस कमल फूल सरकार ने पहले ही साल में यमुना पर भव्य छठ का कार्यक्रम कराया।
- भारत
- 5 min read

CM Rekha Gupta on Namo Yamuna River Safari: केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनवाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ आज (11 नवंबर) उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुरी तक के लिए 'नमो यमुना रिवर सफारी' का उद्घाटन किया। इसके बाद सीएम रेखा ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा।
सीएम रेखा ने मनोरंजन के लिए 'नमो यमुना रिवर सफारी' के लॉन्च पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, 'यह दिल्ली के लिए अद्भुत है कि उन्हें ऐसी सरकार मिली है जो लगातार दिल्ली वालों का दिल का भी ध्यान रखती है, खुशियों का भी ध्यान रखती है, परंपराओं को भी निभाती है, विकास भी करती है और विरासत को भी पकड़ कर रखती है। कभी ऐसा पहले नहीं हुआ।
सीएम रेखा ने पूर्ववर्ती सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने आम आदमी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार निशाना साधते हुए कहा, 'यमुना जी पर जाने के लिए लोग तरस जाते थे कि छठी मैया की पूजा करनी है। सालों तक दिल्लीवासी यमुना के तट पर पूजा करने से महरूम रहे। उन्हें घाट पर आने नहीं दिया जाता था, केस लगा दिया गया, कोर्ट पहुंचाया गया। दिल्लीवाली यमुना पर पूजा नहीं कर सके। लेकिन आपके एक वोट की ताकत ने जिस सरकार को दिल्ली में बिठाया, उस कमल फूल सरकार ने पहले ही साल में यमुना पर भव्य छठ का कार्यक्रम कराया। मैं आपको विश्वास दिलाती हूं, इस साल पिछली बार से भी ज्यादा भव्य छठ हम लोग मिलकर मनाएंगे।'
'पिछली सरकार के चिंटू-मिंटू की हरकतों…'
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो पिछली सरकार के चिंटू-मिंटू हैं, रोज देखिए, बोलिए, सुनिए, कहिए, बोलेंगे। लेकिन उन्हें कहना चाहती हूं तुम्हारी इन हरकतों का हमारे ऊपर कोई असर नहीं है। हमें दिल्ली की जनता ने चुना है और दिल्ली की जनता के हित में जो काम होगा, वह दिल्ली की यह कमल फूल सरकार करके रहेगी।
Advertisement
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर हमला
वहीं आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली के वायु प्रदूषण और 'नमो यमुना रिवर सफारी' के शुभारंभ पर दिल्ली सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, 'केंद्र सरकार की SAFAR वेबसाइट दिल्ली के प्रदूषण में पराली जलाने के योगदान का डेटा देती है। इस डेटा के अनुसार, दिवाली से एक दिन पहले दिल्ली के प्रदूषण में पराली जलाने का योगदान केवल 5% था और दिवाली के दिन यह 0% था। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि पंजाब से हवाएं पाकिस्तान की ओर बह रही थीं। अगर उस दिन पराली जलाई भी गई होती, तो धुआं उसी दिशा में चला जाता। दिवाली के प्रदूषण के लिए पराली जलाने को जिम्मेदार ठहराना गुमराह करने वाला है। दिल्ली सरकार पटाखा उद्योग को बचाने के लिए किसानों को दोष दे रही है।'
'नमो यमुना रिवर सफारी' की शुरुआत पर उन्होंने कहा, 'सरकार इलाके में पहले से चल रही बोटिंग गतिविधि को एक बड़े विकास के रूप में पेश कर रही है, ताकि यह दिखाया जा सके कि यमुना साफ हो गई है। न तो हवा साफ हुई है और न ही यमुना। एक तरफ सरकार हवा की गुणवत्ता में सुधार का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ AQI मॉनिटरिंग स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। हवा साफ होने का दिखावा करने के लिए पानी का छिड़काव करना असल समस्या का समाधान नहीं है।'
Advertisement
रूट और टिकट का दाम कितना?
उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुरी स्थित शनि मंदिर तक के लिए नमो यमुना क्रूज सफारी संचालित किया जाएगा। इससे एक तरफ से दूसरी तरफ पहुंचने और लौटने में करीब 35 से 45 मिनट का समय लगेगा। इस पूरी यात्रा का किराया 500 रुपये बताया जा रहा है। वहीं परिसर में प्रवेश का शुल्क 50 रुपये रखा गया है।