दिल्ली के स्कूल में 12वीं की छात्रा ने की खुदकुशी, गार्ड रूम के पीछे पेट्रोल छिड़क लगाया आग, तीन पन्नों के सुसाइड नोट में लव एंगल की आशंका
दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में 12वीं कक्षा की छात्रा ने स्कूल के अंदर पेट्रोल डालकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है।
- भारत
- 3 min read

दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में 12वीं कक्षा की छात्रा ने स्कूल के अंदर पेट्रोल डालकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। दिल्ली पुलिस की अब तक की जांच में मामले में लव एंगल सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि स्कूल के गार्ड रूम के पीछे लगभग 18 साल की 12वीं कक्षा की एक छात्रा जली हुई हालत में मिली है। शुरुआती जांच के दौरान मौके से और मृतका के स्कूल बैग से कुछ चीजें बरामद की गईं। घटनास्थल की जांच करने और जरूरी सबूत इकट्ठा करने के लिए क्राइम टीम को बुलाया गया है। घटना किन परिस्थितियों में हुई इसकी जांच की जा रही है और आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि 25 अक्टूबर 2026 को छात्रा का जन्मदिन था।
फायर ऑफिसर ने दी यह जानकारी
फायर ऑफिसर अनूप सिंह के अनुसार, मौके पर दमकल की एक गाड़ी पहुंची थी, लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आग कैसे लगी। उन्होंने बताया, 'हमें सूचना मिली थी कि स्कूल के अंदर किसी ने आग लगा दी है। मौके पर पहुंचकर जब हम स्कूल के अंदर गए, तो एक छात्रा को पानी की टंकी के पीछे जली हुई हालत में पाया। उसकी सही उम्र तो नहीं पता, लेकिन वह 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। हमारी टीम की केवल एक गाड़ी वहां पहुंची थी। अभी यह साफ नहीं है कि आग लगाने के लिए किस चीज का इस्तेमाल किया गया।'
Advertisement
मंत्री आशीष सूद ने स्कूल का दौरा किया
कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय बाल/बालिका विद्यालय में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद मंत्री आशीष सूद ने स्कूल का दौरा किया। मामले को विधायक अनिल गोयल ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उसने क्यों सुसाइड किया ये जांच का विषय है। पुलिस जांच कर रही है। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Advertisement
परिवार ने क्या कहा?
छात्रा के परिवार की एक महिला सदस्य ने बताया कि वह उनकी नंद थी और 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। महिला के मुताबिक, उन्हें घटना के बारे में किसी ने जानकारी नहीं दी। वह खुद तलाश करते हुए स्कूल पहुंचीं। परिवार की महिला ने कहा, “मेरी नंद है, 12वीं में पढ़ती थी। मैं खुद ढूंढते-ढूंढते आई हूं। मुझे किसी ने कुछ नहीं बताया।” फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन छात्रा की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। मामले में परिवार की पहचान उजागर नहीं की जा रही है। स्कूल परिसर में हुई इस घटना के बाद हड़कंप मच गया। शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।