रेलवे स्टेशनों से लेकर होटलों तक... CJP प्रोटेस्ट को लेकर पुलिस सतर्क, दिल्ली आने वालों पर रख रही पैनी नजर
सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग की टीमें दिल्ली के विभिन्न होटलों, लॉज और गेस्ट हाउसों में ठहरने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है।
- भारत
- 3 min read

CJP Protest: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को काफी कड़ा कर दिया गया है। ऐसे में पुलिस राजधानी में होटलों, गेस्ट हाउस और ठहरने की अन्य जगहों पर सुरक्षा एजेंसियां पैनी नजर रख रही हैं। राजधानी की सीमाओं के साथ-साथ शहर के कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत दिल्ली के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्रियों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही, स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग की टीमें दिल्ली के विभिन्न होटलों, लॉज और गेस्ट हाउसों में ठहरने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आने वालों पर नजर रखी जा रही है।
गृह मंत्रालय की सीधी नजर
गृहमंत्री अमित शाह की धरना-प्रदर्शन पर पैनी नजर बनी हुई है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार हर जानकारी गृहमंत्री और देश के गृह सचिव गोविंद मोहन तक पहुंचा रहे हैं। योजना है कि किसी भी प्रदर्शनकारी को जंतर-मंतर तक पहुंचने न दिया जाए।
वहीं केंद्रीय सचिव गोविंद मोहन ने एनसीआर समेत तमाम राज्यों को पत्र लिखकर प्रदर्शन से संबंधित सभी इनपुट तुरंत दिल्ली पुलिस और सरकार से साझा करने की बात कही है। सुरक्षा एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, इस प्रोटेस्ट के लिए सीएपीएफ के 22 हजार से ज्यादा जवानों को किसी भी सूरत में फायरिंग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों की भीड़ जहां भी होगी, वहां का मोर्चा संभालने वाले CRPF और CAPF के अन्य जवान बिना पिस्टल और एके-47 जैसे हथियारों के रहेंगे।
Advertisement
गृह मंत्रालय का सख्त निर्देश
इससे पहले गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दिल्ली पुलिस के साथ बेहतर तालमेल बिठाने और प्रस्तावित भीड़ जमा होने की घटना को देखते हुए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
राजधानी दिल्ली में सुरक्षा चाक चौबंद
राजधानी दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। जंतर-मंतर भारी बैरिकेडिंग की गई है। लाउडस्पीकर से धारा 163 का जिक्र कर वहां जमा न होने की लगातार चेतावनी दी जा रही है। प्रदर्शन शुरू होने से पहले कनॉट प्लेस, जनपथ, जंतर-मंतर रोड पर तीन से चार लेयर बैरिकेड लगाए गए हैं।
Advertisement
ट्रेनें रद्द, इंटरनेट सेवा सस्पेंड और…
नई दिल्ली और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वाली स्पेशन ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। दोपहर 2 बजे तक 75 ट्रेनें रद्द हैं। वहीं दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद है। आज शराब की दुकानें भी बंद हैं। राजधानी में 10 डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं। वहीं नई दिल्ली में 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के आस-पास 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। ये सेवाएं 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगी। गृह मंत्रालय ने सभी तरह की मोबाइल इंटरनेट टेक्नोलॉजी को बंद करने के निर्देश जारी किए हैं।