Chhath Puja 2026: छठ पूजा के लिए दिल्ली सरकार ने कसी कमर, कपिल मिश्रा बोले पहले से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
दिल्ली में आगामी दिनों में मनाए जाने वाले आस्था और भक्तिभाव के पर्व छठ पूजा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर आज दिल्ली सचिवालय में मंत्री कपिल मिश्रा की अध्यक्षता में समिति की बैठक आयोजित की गई।
- भारत
- 2 min read

दिल्ली में आगामी दिनों में मनाए जाने वाले आस्था और भक्तिभाव के पर्व छठ पूजा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर आज दिल्ली सचिवालय में मंत्री कपिल मिश्रा की अध्यक्षता में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ पूजा के आयोजन स्थलों, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कपिल मिश्रा ने कहा, “पिछले वर्ष मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के विजन के तहत छठ पूजा का आयोजन बहुत शानदार रहा था। इस वर्ष भी प्रयास है कि पिछले वर्ष की तुलना में इसे और बेहतर बनाया जाए। छठ पूजा आस्था और भक्तिभाव का महत्वपूर्ण पर्व है और सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आयोजन को और व्यवस्थित बनाया जाए।”
उन्होंने आगे कहा, “इस वर्ष छठ पूजा के अवसर पर पहले से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ सांस्कृतिक अनुभव भी मिल सके। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सिंगल क्लियरेंस विंडो सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी, जिससे विभिन्न विभागों से संबंधित अनुमतियों और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।”
कपिल मिश्रा ने बताया कि 15 अक्टूबर से सिंगल क्लियरेंस विंडो की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि छठ पूजा की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Advertisement
बैठक में आयोजन स्थलों पर पीने के पानी, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवा, अग्निशमन सेवा, मोबाइल शौचालय, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन, सफाई, फॉगिंग तथा बिजली की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। घाटों और आयोजन स्थलों पर बिजली कनेक्शन की व्यवस्था के साथ-साथ निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि छठ पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही छठ पूजा के सफल और सुचारु आयोजन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
छठ पूजा के आयोजन को श्रद्धा, भक्ति और सौहार्द के साथ संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि दिल्ली में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर वातावरण उपलब्ध हो तथा सभी आयोजन स्थल आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ समय से तैयार रहें।