अपडेटेड 26 October 2024 at 11:26 IST
Delhi AQI: दिल्ली में अनुकूल हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में हुआ सुधार
Delhi AQI: दिल्ली में अनुकूल हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
- भारत
- 2 min read

Delhi AQI: राष्ट्रीय राजधानी में अनुकूल हवाओं के कारण शनिवार सुबह वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ, हालांकि तब भी वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 227 दर्ज किया गया जबकि शुक्रवार सुबह यह 281 था। शुक्रवार को शाम चार बजे तक 24 घंटे का औसत एक्यूआई 270 दर्ज किया गया।
राजधानी में यह लगातार दूसरा दिन है जब एक्यूआई में सुधार हुआ है जबकि पिछले चार दिनों तक एक्यूआई ‘बेहद खराब’ रहा था।
मुंडका और आनंद विहार में शनिवार को भी एक्यूआई ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
Advertisement
शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ तथा 401 और 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (ईडब्ल्यूएस) के अनुसार, अगले एक-दो दिन तक अनुकूल हवा रहने की संभावना है, लेकिन प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण दो-तीन दिनों में प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ सकता है, जबकि 31 अक्टूबर तक एक्यूआई 400 भी पहुंच सकता है।
Advertisement
इस बीच, राजधानी में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 68 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने राजधानी में दिन में आसमान साफ रहने तथा अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 26 October 2024 at 10:58 IST