दिल्ली-NCR को मिली गर्मी से राहत, झमाझम बारिश से मौसम हुआ ठंडा ठंडा-कूल कूल; मुंबई में भी खूब बरसे बादल; जलमग्न हुईं सड़कें- VIDEO
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे दिल्लीवासियों के लिए यह बारिश एक बड़ी राहत बनकर आई है। तापमान में आई गिरावट से मौसम खुशनुमा हो गया है और लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी सुकून मिला है।
- भारत
- 3 min read

दिल्ली-एनसीआर के निवासियों के लिए बृहस्पतिवार की सुबह एक बड़ी राहत लेकर आई। पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस के बाद, आज सुबह से ही आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। इस मानसूनी फुहार ने मौसम को बेहद सुहावना बना दिया है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम हुआ सुहावना, तापमान में गिरावट
IMD के अनुसार, आज दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 32C से 34C के बीच रहने का अनुमान है, जो इस सीजन के सामान्य तापमान से काफी कम है। ठंडी हवाओं और लगातार हो रही बारिश ने लोगों को चिपचिपी गर्मी से पूरी तरह निजात दिला दी है। वीकेंड से ठीक पहले आए इस मौसम ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है।
तेज हवाओं के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग ने आज के लिए पहले ही येलो अलर्ट जारी किया था। पूर्वानुमान के मुताबिक दिनभर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश जारी रहने की संभावना है।कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो से तीन दिनों में मानसून और सक्रिय होगा, जिससे बारिश की तीव्रता और बढ़ेगी।
दिल्ली-एनसीआर वालों को मिली गर्मी से राहत
जहां एक तरफ इस बारिश ने मौसम को खुशनुमा बनाया है, वहीं दूसरी तरफ सुबह-सुबह काम पर निकलने वालों के लिए यह आफत भी साबित हुई। सुबह के समय अचानक हुई तेज बारिश के कारण दफ्तर जाने वाले कामकाजी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।विजिबिलिटी कम होने और सड़कों पर पानी जमा होने के कारण गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कई प्रमुख चौराहों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है।
Advertisement
मुंबई में भारी बारिश, दादर स्टेशन पर थमी रफ्तार
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा असर शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों पर पड़ा है। दादर रेलवे स्टेशन पर भारी बारिश के चलते रेलवे ट्रैक पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।