LIVE BLOG

किसानों ने दिल्ली कूच टाला, बैठक के बाद तय होगी आगे की रणनीति

India News Live: किसानों का दिल्ली कूच फिर स्थगित हो गया है। पुलिस के साथ झड़प के बाद किसानों ने मार्च टाल दिया। सरवन सिंह पंढेर ने कहा है कि आगे का फैसला बैठक के बाद लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर ममता बनर्जी के शुक्रवार को दिए बयान के बाद इंडी गठबंधन में हलचल तेज हो गई है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
File photo of farmer Leaders at Punjab-Haryana Shambhu border
File photo of farmer Leaders at Punjab-Haryana Shambhu border | Image: PTI

India News Live: किसानों का दिल्ली कूच फिर स्थगित हो गया है। पुलिस के साथ झड़प के बाद किसानों ने मार्च टाल दिया। सरवन सिंह पंढेर ने कहा है कि आगे का फैसला बैठक के बाद लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर ममता बनर्जी के शुक्रवार को दिए बयान के बाद  इंडी गठबंधन में हलचल तेज हो गई है। 


गुवाहाटी में प्लास्टिक की फैक्ट्री में लगी भीषण आग

गुवाहाटी में प्लास्टिक की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। इंड्रस्टियल एरिया में प्लास्टिग की फैक्ट्री है, जहां आग लगी। मौके पर दमकल के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। 
 


जो भी भ्रष्टाचार करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा- CM विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "हमारी सरकार शुरू से कहती आ रही है कि हम भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि न खाऊंगा, न खाने दूंगा, हमारी सरकार इसी को मूल मंत्र मानकर काम कर रही है। पिछली कांग्रेस सरकार में इतने घोटाले हुए, वे सब आज दंडित हो रहे हैं। जो भी भ्रष्टाचार करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा..."


Advertisement

महिला सुरक्षा को लेकर सुकांता मजूमदार ने ममता सरकार को घेरा

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा, "पश्चिम बंगाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हमेशा संदेशखाली और जयनगर की घटनाओं को नकारने की कोशिश की है। इससे आपराधिक मानसिकता वाले लोगों को बढ़ावा मिलता है... 18 वर्षीय लड़की तीन दिनों से लापता थी और जिस हालत में उसका शव मिला है, उससे पता चलता है कि उसे प्रताड़ित किया गया और बाद में मार दिया गया। पश्चिम बंगाल के लोगों को यह समझना होगा कि जब तक ममता बनर्जी सत्ता में हैं, तब तक राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं रहेंगी।"


गांधीनगर थाने के पास दुकानों में लगी आग

दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधीनगर थाने के पास दुकानों में आग लगी। मौके पर दमकल की 4-5 गाड़ियां मौजूद हैं। 


Advertisement

MVA को कोई भी गंभीरता ने नहीं लेता- पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने EVM मुद्दे पर कहा, "कोई भी उन्हें (MVA) गंभीरता से नहीं लेता। अगर उन्हें EVM पर भरोसा नहीं है तो कांग्रेस, NCP-SCP और शिवसेना (UBT) के सांसदों और विधायकों को EVM के विरोध में इस्तीफा दे देना चाहिए और फिर से चुनाव होने देना चाहिए..."


महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर का कल होगा चयन

महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र का कल तीसरा और आखिरी दिन है । कल विधानसभा स्पीकर का चयन होगा । बीजेपी के राहुल नार्वेकर का दूसरी बार विधानसभा अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। विधानसभा स्पीकर चुनाव के बाद बहुमत परीक्षण होगा। वोट से ही सरकार बहुमत पास कर सकती है।


पुलिस अधिकारियों ने की किसान नेताओं के साथ बैठक

पंजाब और हरियाणा पुलिस के अधिकारियों ने किसानों के विरोध से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए राजपुरा में किसान नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान किसान नेता सरवन सिंह पंढेर भी मौजूद रहे। किसानों के साथ बैठक करने के बाद पटियाला DIG मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि किसानों के साथ बहुत विस्तृत चर्चा हुई। बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई और किसानों के साथ आगे भी बातचीत होगी।


मैंने हिंदू धर्म नहीं हिंदुत्व के खिलाफ बोला- इल्तिजा मुफ्ती

PDP नेता इल्तिजा मुफ़्ती ने कहा, "यह महात्मा गांधी का भारत है। मैंने हिंदू धर्म के खिलाफ नहीं, हिंदुत्व के खिलाफ बोला है। मैंने वीर सावरकर के इस फिलॉसफी के खिलाफ बोला है कि भारत केवल हिंदुओं के लिए है... मैं जानती हूं कि हिंदू धर्म एक ऐसा धर्म है जो शांति और करुणा को बढ़ावा देता है। मैं हिंदुत्व के खिलाफ हूं क्योंकि यह एक बीमारी है जिसे जड़ से खत्म करने की जरूरत है..."


दिल्ली के कई इलाकों में हुई बारिश

दिल्ली के कई इलाको में बारिश हुई है। पंडारा पार्क से एक वीडियो सामने आया है।


हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जयराम ठाकुर का निशाना

BJP नेता जयराम ठाकुर ने कहा, "हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार का 2 वर्ष का कार्यकाल 11 तारीख को पूरा होने जा रहा है। अचानक खबर आती है कि सरकार 2 साल का कार्यकाल पूरा होने पर जश्न मनाएगी। पूरा प्रदेश इस बात को लेकर हैरान है। उन्होंने अच्छा काम किया हो, विकास किया हो या अच्छी योजनाएं चलाई हों लेकिन उनमें से एक भी चीज ऐसी नहीं हुई हैं। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान चारों सीटों पर कांग्रेस पार्टी हारी है। क्या 2 साल के कार्यकाल के बाद जश्न मनाना बनता है?"


ममता बनर्जी अपना प्रदेश तक नहीं संभाल पा रही- अग्निमित्रा पॉल

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कथित बयान 'INDIA गठबंधन का नेतृत्व करने की इच्छा' पर भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "INDIA गठबंधन का जो मोदी सरकार को हटाकर अपनी सरकार बनाने का एजेंडा था वो पूरा नहीं हुआ। उसके बाद से जो भी चुनाव हो रहे हैं सबमें उनकी हार हुई है। अखिलेश यादव बोल रहे हैं कि कांग्रेस से कुछ नहीं होगा, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संभल अकेले चले गए, सपा और TMC कांग्रेस के प्रदर्शन में भी साथ नहीं आए और ममता बनर्जी अब कह रही हैं कि वो नेतृत्व करना चाहती हैं? इनकी(INDIA गठबंधन दलों की) कोई नीति या आदर्श एक नहीं है। ममता बनर्जी आज अपना प्रदेश तक नहीं संभाल पा रही हैं। पहले अपने प्रदेश को संभालिए। आपने बंगाल को खत्म कर दिया और अब आप देश को खत्म करना चाहती हैं?।"


हम किसानों के साथ खड़े हैं- चन्द्रशेखर आजाद

सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद ने किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च पर कहा, "सरकार उनकी समस्याओं का समाधान क्यों नहीं कर रही है? सरकार ने उनसे वादे किए थे, सरकार को जवाब देना चाहिए कि उन वादों को पूरा क्यों नहीं किया गया। हम किसानों के साथ खड़े हैं।"


इल्तिजा मुफ्ती को माफी मांगनी चाहिए- रविंदर रैना

BJP नेता रविंदर रैना ने कहा, "PDP नेता ने बहुत अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। राजनीति में मतभेद हो सकते हैं लेकिन अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए...पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए।"


दूसरे धर्मों के लोगों का भी सम्मान करना चाहिए- फारूक अब्दुल्ला

बांग्लादेश और PoK में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "यह बहुत गलत है क्योंकि वहां दूसरे धर्मों के लोग भी रहते हैं। उन्हें दूसरे धर्मों के लोगों का भी सम्मान करना चाहिए। केंद्र सरकार कुछ नहीं कर रही है।"


किसानों का दिल्ली कूच स्थगित

किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि हमने आज का जत्था वापस लेने का निर्णय लिया है, आंदोलन जारी रहेगा। एक किसान PGI चला गया है, 8-9 किसानों जख्मी हुए हैं। मीटिंग करने के बाद आपको आगे का कार्यक्रम बताएंगे। फूलों के दो मिनट बाद हमारे ऊपर आंसू गैस फेंके, रबड़ की गोली चलाई। हमारे भोले-भाले किसानों को जाल में फंसाकर ये धोखा किया गया।


सरकार बातचीत करने के लिए तैयार है- जीतन राम मांझी

किसानों के 'दिल्ली चलो' मार्च पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, "राज मंत्री ने कहा है कि मार्च करने की जरूरत नहीं है। उनके(किसानों के) 5 प्रतिनिधि आकर सरकार से बातचीत करें। सरकार बातचीत करने के लिए तैयार है। ऐसी परिस्थिति में मार्च का ढ़ोंग रचा जा रहा है और राजनीति की जा रही है... किसानों की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी चिंतित हैं। किसानों को उनके उत्पादों का दोगुना फायदा है, MSP को बढ़ाने की बात उन्होंने की है तो फिर आंदोलन किस बात का है?"


महाकुंभ पर बृजेश पाठक का बयान

महाकुंभ 2025 पर यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस बार का महाकुंभ और भी वृहद स्तर पर होने वाला है। जहां हमने क्षेत्रफल को तो बढ़ाया ही है साथ ही और भी व्यवस्थाएं और भी बेहतर की हैं। हमने टेंट सिटी का निर्माण किया है। आसपास के क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त किया है, साफ-सफाई और पेय जल की व्यवस्था की गई है। मरीन ड्राइव की तर्ज पर गंगा तट पर हमने 15.5 किलोमीटर बड़े रोड़ का भी निर्माण किया गया है, जिससे एक अद्भुत मनोरम वातावरण के दर्शन हो सकें।


बांग्लादेश पर अधीर रंजन का बयान

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "बांग्लादेश में स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। मैं कहना चाहूंगा कि हिंसा, आतंक और भय का माहौल बना रहे हैं, जो बांग्लादेश के लोग नहीं चाहते हैं। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की विफलता के कारण बांग्लादेश में स्थिति सामान्य नहीं हो रही है। मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि इस स्थिति से निपटने के लिए हमारे देश में सर्वदलीय बैठक बुलाई जानी चाहिए और विचार-विमर्श किया जाना चाहिए। स्थिति जिस दिशा में बढ़ रही है, उसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। बांग्लादेश की स्थिति पर बहुत गंभीरता से चर्चा करना महत्वपूर्ण है। हम सभी को मिलकर वहां की स्थिति को सामान्य करने के लिए जो भी आवश्यक हो, वह करना चाहिए।"


राहुल गांधी के बयान पर प्रहलाद जोशी बोले- किसी भी अरबपति का एक भी पैसा टैक्स माफ नहीं किया

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर कहा, "...राइट ऑफ और वेव ऑफ अलग-अलग तरीके से होता है... जब राइट ऑफ हो जाता है तो कानून के तहत लोन की वसूली की प्रक्रिया जारी रहती है... हमने किसी भी अरबपति का एक भी पैसा टैक्स नहीं माफ किया है... इतिहास में आयकर अब सबसे कम है।"


विजय सिन्हा का हमला- तेजस्वी यादव जैसे लोग भूल गए हैं कि...

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा, "यह बिहार का दुर्भाग्य रहा है, जो लोग रानी के पेट से राजकुमार और राजा बनते हैं, परिवारवाद की जमींदारी का उपहार जिनको मिलता है उनका शिष्टाचार और अहंकार चरम पर पहुंचता है ... तेजस्वी यादव जैसे लोग भूल गए हैं कि जो लोग वर्षों तक कड़ी मेहनत करके आते हैं उनकी लाठी गोली की सरकार नहीं होती है। लाठी गोली की सरकार जंगलराज वाली थी उनको हटाया गया। आज सेवा भाव से काम करने वाली NDA की सरकार है..."


महिला कांग्रेस कमेटी को भी पूरी तरह से भंग किया जा रहा- अलका लांबा

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा, "...हमें अब संगठन निर्माण को ध्यान देते हुए आगे बढ़ना है। जिस तरह से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को पूरी तरह से भंग कर दिया गया है उसी तरह से महिला कांग्रेस कमेटी को भी पूरी तरह से भंग किया जा रहा है ताकि हम एक नए निर्माण की ओर बढ़ पाएं।"


राहुल गांधी हमारे नेता थे और नेता रहेंगे- अजय राय

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, " INDIA गठबंधन में कांग्रेस पार्टी बड़े भाई की भूमिका में थी और हमेशा रहेगी। राहुल गांधी हमारे(INDIA गठबंधन के) नेता थे और नेता रहेंगे... जिस तरह से कन्या कुमारी से लेकर कश्मीर, मणिपुर से लेकर महाराष्ट्र तक उन्होंने देश को जोड़ने का काम किया, उनमें वो क्षमता है..."


8 और 9 दिंसबर को हिमालय में बर्फबारी की संभावना

IMD के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा, "...हमारा अनुमान है कि 8 और 9 दिंसबर को हिमालय में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी और मैदानी इलाकों पंजाब और हरियाणा में हल्की वर्षा होने की पूरी संभावना है। दिल्ली NCR में भी आज कहीं न कहीं हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है... 9 दिसंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ जैसे आगे निकलेगा उसके बाद उत्तर पूर्वी भारत में शीतलहर की स्थिति आ सकती है... हमारा अनुमान है कि सबसे पहले तापमान राजस्थान में गिरेगा... उसके बाद 10 दिसंबर से तापमान में गिरावट शुरु होगी जिसके साथ पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर की स्थिति बन सकती है..."


CM हिमंता ने पलासबारी-सुआलकुची पुल की आधारशिला रखी

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 12 किलोमीटर लंबे पलासबारी-सुआलकुची पुल की आधारशिला रखी।


पुलिस कह रही कि हमारे पास आगे बढ़ने की अनुमति नहीं- प्रदर्शनकारी किसान

किसानों का 'दिल्ली चलो' मार्च: शंभू सीमा पर एक प्रदर्शनकारी किसान ने कहा, "उनके (पुलिस) पास जो सूची है, वह गलत है - सूची में यहां आने वाले किसानों का नाम नहीं है। हमने उनसे (पुलिस से) कहा है कि हमें आगे बढ़ने दें और हम उन्हें अपना पहचान पत्र दिखाएंगे। पुलिस कह रही है कि हमारे (किसानों) पास आगे बढ़ने की अनुमति नहीं है, तो हमें अपनी पहचान क्यों साबित करनी है?... हम बातचीत के जरिए चीजों को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन किसी भी तरह हम आगे बढ़ेंगे। मैंने उनसे (पुलिस से) कहा कि वे हरियाणा चले जाएं क्योंकि यह पंजाब की जमीन है।"


किसानों को तितर-बितर करने के लिए छोड़े गए आंसू गैस के गोले

पुलिस ने आज 'दिल्ली चलो' मार्च शुरू करने वाले किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया।


पहले किसानों की पहचान करेंगे फिर उन्हें आगे जाने देंगे- हरियाणा पुलिस अधिकारी

किसानों का 'दिल्ली चलो' मार्च: पंजाब-हरियाणा शंभू सीमा पर तैनात हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "हम पहले उनकी (किसानों की) पहचान करेंगे और फिर उन्हें आगे जाने देंगे। हमारे पास 101 किसानों के नामों की सूची है, और वे वे लोग नहीं हैं - वे हमें अपनी पहचान नहीं करने दे रहे हैं - वे एक भीड़ के रूप में आगे बढ़ रहे हैं..."


विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए फडणवीस, शिंदे और पवार ने नामांकन किया दाखिल

भाजपा के राहुल नार्वेकर ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, दोनों उपमुख्यमंत्रियों- एकनाथ शिंदे और अजीत पवार, भाजपा के राज्य प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले, चंद्रकांत पाटिल और अन्य की मौजूदगी में राज्य विधानसभा में अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कल दोपहर 9 दिसंबर को होना है।


शंभू बॉर्डर पर पुलिस और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच बहस

पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर पुलिस और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच बहस हो गई। पुलिस का कहना है कि उनके पास दिल्ली की ओर जाने की अनुमति नहीं है।


अपनी मांगों को लेकर किसानों का दिल्ली चलो मार्च शुरू

किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर हरियाणा-पंजाब शंभू बॉर्डर से अपना 'दिल्ली चलो' मार्च शुरू किया।


गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में 'सेवा' करने पहुंचे सुखबीर सिंह बादल

शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में 'सेवा' करने पहुंचे।


संदिग्ध हरकतें देखने के बाद सुरक्षाबलों ने की कार्रवाई- कठुआ SSP

SSP कठुआ शोभित सक्सेना ने कहा, "कुछ संदिग्ध हरकतें दिखीं। इसलिए हमने एक घंटे के भीतर ही कार्रवाई की। कल रात से ही हमने सेना, SOG, CRPF और अन्य लोगों के साथ मिलकर पूरे इलाके की तलाशी ली। हवाई निगरानी भी की जा रही है। देखते हैं क्या होता है। हमें 3-4 लोगों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। हम इसकी पुष्टि कर रहे हैं, लोगों से पूछताछ की जा रही है। तलाशी जारी है।"


किसान नेता के मीडिया के रोकने के आरोप पर क्या बोले पटियाला के SSP?

शम्भू बॉर्डर, पंजाब: पटियाला के SSP नानक सिंह ने कहा, "... मीडिया को नहीं रोका गया है। हमारा ऐसा कोई इरादा नहीं है। लेकिन मीडिया को जानकारी देना ज़रूरी था। पिछली बार हमें पता चला था कि 3-4 मीडियाकर्मी घायल हो गए हैं। उससे बचने के लिए हमने मीडिया को जानकारी दी... हम कोशिश करेंगे कि ऐसा न हो, लेकिन अगर कोई घायल होता है, तो उसे निकालने के लिए हमारे पास मेडिकल टीम है।"


गृहमंत्री शाह ने बीएसएफ कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के जोधपुर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 60वें स्थापना दिवस परेड में भाग लेने के दौरान देश की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले बीएसएफ कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की।


भगवंत मान सरकार का चेहरा बेनकाब- सरवन सिंह पंढेर

शंभू बॉर्डर पर किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा, "हम कहते थे कि भगवंत मान सरकार (पंजाब की) केंद्र सरकार के साथ मिली हुई है। आज जिस तरह से मीडिया को रोका जा रहा है, मुख्यमंत्री और अरविंद केजरीवाल को आगे आकर इस पर सफाई देनी चाहिए। वे (AAP) कहते हैं कि वे किसानों और मजदूरों के साथ हैं, फिर वे मीडिया को क्यों रोक रहे हैं? भगवंत मान सरकार का चेहरा बेनकाब हो गया है। पहले हम केवल केंद्र सरकार के खिलाफ थे, लेकिन अब हमें राज्य सरकार से निपटना है। पंजाब सरकार केंद्र सरकार के कामों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है..."


बिहार में लाठी-डंडे वाली सरकार चल रही- तेजस्वी यादव

RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "लाठी डंडे वाली सरकार चल रही है। अफसर शाही चरम पर है। मुख्यमंत्री होश में नहीं हैं कि बिहार में क्या हो रहा है। इनसे बिहार चल नहीं पा रहा है... मैं आज भी कहता हूं कि सर्वर डाउन रहने के कारण जो नौजवान परेशान हैं, जो लोग फॉर्म नहीं भर पाए हैं उनको मौका देना चाहिए...हम जनता की और नौजवानों की आवाज उठा रहे हैं... "


उधमपुर में आपसी झगड़े और आत्महत्या की घटना पर क्या बोले SSP?

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के रहमबल इलाके में कथित तौर पर आपसी झगड़े और आत्महत्या की घटना में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और एक घायल हो गया... पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

SSP उधमपुर आमोद नागपुरे ने कहा, "घटना सुबह 6.30 बजे हुई। वे सोपोर से तलवारा स्थित प्रशिक्षण केंद्र की ओर जा रहे थे। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, यह साबित हो गया है कि घटना में एके-47 राइफल का इस्तेमाल किया गया था। 2 पुलिस कर्मियों की मौत हो गई है। तीसरा पुलिस कर्मी सुरक्षित है। उन्हें पोस्टमॉर्टम और अन्य प्रक्रियाओं के लिए जीएमसी उधमपुर ले जाया जाएगा।"


विभिन्न मांगों को लेकर आज फिर किसान करेंगे मार्च

हरियाणा-पंजाब शंभू बॉर्डर पर किसान विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों का जत्था दोपहर 12 बजे दिल्ली की ओर कूच करेगा। किसानों के दिल्ली कूच को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। 


आज दोपहर 12 बजे दिल्ली कूच करेगा किसानों का जत्था

हरियाणा-पंजाब शंभू बॉर्डर पर किसान विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर के मुताबिक, 101 किसानों का जत्था आज दोपहर 12 बजे दिल्ली की ओर कूच करेगा।


राहुल गांधी पहुंचे जयपुर, अशोक गहलोत ने किया स्वागत

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने जयपुर एयरपोर्ट पर लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का स्वागत किया।

राहुल गांधी जयपुर में पार्टी के नेतृत्व संगम ट्रेनिंग कैम्प में भाग लेने वाले हैं।


'रन फॉर वेटरन्स' पर बोले राज्यवर्धन राठौर- यह हमारे वीरों के सम्मान में आयोजित

रन फॉर वेटरन्स' पर राजस्थान के मंत्री राज्यवर्धन राठौर ने कहा, "...यह हमारे वीरों के सम्मान में आयोजित किया जा रहा है। जो देश अपने योद्धाओं को याद रखता है, उस देश में योद्धाओं की कभी कमी नहीं होती। भले ही हम सभी को वर्दी पहनने को न मिले, लेकिन अगर हमारे दिलों में एक सैनिक जिंदा है, तो भारत सुरक्षित रहेगा... प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि हर कोई दिल से एक सैनिक बने और इसलिए उन्होंने 'फिट इंडिया' का नारा दिया है, भारत आर्थिक और शारीरिक दोनों रूप से फिट हो रहा है।"


जयपुर के लिए रवाना हुए राहुल गांधी

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी जयपुर रवाना होने के लिए दिल्ली हवाईअड्डे पहुंचे।


किसान नेता सरवन सिंह पंधेर बोले- बातचीत के लिए सरकार से नहीं मिला संदेश

पंजाब के किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) का विरोध प्रदर्शन 300वें दिन में प्रवेश कर गया है। लेकिन केंद्र सरकार अभी भी अड़ी हुई है। हमने एक और बड़ी घोषणा की कि हम पंजाब में भाजपा नेताओं के प्रवेश का विरोध करेंगे। हमें यकीन नहीं है लेकिन हमने सुना है कि सैनी (हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी) और गडकरी (केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी) जी अमृतसर जा रहे हैं। हम पंजाब के किसानों से राज्य में उनके प्रवेश का विरोध करने का आह्वान करते हैं।

इससे पहले उन्होंने कहा था कि किसानों को उनके मुद्दों पर बातचीत के लिए केंद्र सरकार की ओर से कोई संदेश नहीं मिला है, लिहाजा 101 किसानों का एक समूह आठ दिसंबर को दिल्ली की ओर मार्च शुरू करेगा।


आज दिल्ली की ओर मार्च करेंगे किसान

शंभू बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसान आज फिर दिल्ली की ओर कूच करेंगे। बड़ी संख्या में किसान दिल्ली की तरफ बढ़ने जा रहे हैं। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसानों को रोकने के लिए कमर कस ली है। 

Published By:
 Priyanka Yadav

पब्लिश्ड