25 फरवरी को दिल्ली विधानसभा में पेश होगी CAG रिपोर्ट, AAP की मुश्किलें बढ़ना तय
India News: बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महाकुंभ जाकर त्रिवेणी संगम में स्नान किया है। उनके साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहे। जेपी नड्डा और योगी आदित्यनाथ ने ऐसे समय में महाकुंभ में डुबकी लगाई, जब अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता त्रिवेणी संगम के जल में खतरनाक स्तर के बैक्टीरिया जैसी खबरों को बढ़ावा देने में लगे हैं।
- भारत
- 13 min read

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की है। इधर, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महाकुंभ जाकर त्रिवेणी संगम में स्नान किया है। उनके साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहे। जेपी नड्डा और योगी आदित्यनाथ ने ऐसे समय में महाकुंभ में डुबकी लगाई, जब अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता त्रिवेणी संगम के जल में खतरनाक स्तर के बैक्टीरिया जैसी खबरों को बढ़ावा देने में लगे हैं। इधर, बिहार में नीतीश कुमार को लेकर बीजेपी नेता दिलीप जायसवाल का बयान चर्चा में है।
भोपाल की विरासत और उसका इतिहास बहुत अलग है: सीएम मोहन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, "जब कभी कोई भोपाल में बाहर से आएगा तो उन्हें महसूस होगा कि भोपाल की विरासत और उसका इतिहास बहुत अलग प्रकार का है और इसी ढंग से इस जगह की साज सज्जा की गई है... सभी तरह के यहां प्रबंधन किए गए हैं। मेरी ओर से सभी को बधाई...हम सब जानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी का आग्रह है कि भारत दुनिया की तीसरी ताकत के रूप में उभरे। हमारी मध्य प्रदेश सरकार इसी दिशा में काम कर रही है..."
ओडिशा में महिलाओं को सशक्त करने के लिए सुभद्रा शक्ति मेला आयोजित
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा, "आज ओडिशा में महिला सशक्तिकरण योजना के आधार पर हमने महिलाओं को सशक्त करने की दृष्टि से सुभद्रा शक्ति मेला का आयोजन किया है। यह मेला आज से शूुरू हो रहा है जो आगामी 9 दिनों तक चलेगा। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हम कई योजनाओं की शुरूआत करने जा रहे हैं... इससे निश्चित रूप से बहुत प्रभाव पड़ेगा और अर्थव्यवस्था की दृष्टि से भी ओडिशा बढ़ेगा। इसी आधार पर ओडिशा की नई सरकार महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता दे रही है।"
Advertisement
कटरा में भयानक सड़क हादसा
कटरा से जम्मू जा रही तीर्थयात्रियों की एक बस मांडा इलाके के पास खाई में गिर गई। बचाव अभियान जारी है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। घटना में एक की मौत और 15 घायल हो गए।
महाराष्ट्र से कर्नाटक जाने वाली सभी बस सर्विसेज बंद
महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला। कर्नाटक जाने वाली सभी बस सर्विसेज बंद की गई। हर रोज महाराष्ट्र से कर्नाटक 50 से ज्यादा सरकारी बस जाती है, लेकिन महाराष्ट्र से सरकार ने पूरी सेवा बंद की। कुछ दिन पहले बेलगावी कर्नाटक में कन्नड़ ना आने पर महाराष्ट्र की सरकारी के बस ड्राइवर को पीटा गया था, जिसके बाद पूरे मामले में तूल पकड़ा था।
Advertisement
शिवराज सिंह चौहान ने किसान नेताओं के साथ बैठक की
किसान नेताओं के साथ बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "दोनों किसान संगठनों से बहुत सद्भावपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई है। किसान कल्याण के सभी कामों को जो मोदी सरकार की प्राथमिकता है, हमने सामने रखीं। हमने किसान नेताओं की बातें भी सुनीं। बहुत अच्छी चर्चा हुई है... अगली बैठक 19 मार्च को चंडीगढ़ में होगी।"
प्रशासन कैसे काम करे सीएम योगी से सीखना चाहिए: सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "महाकुंभ का अपमान हिंदुस्तान नहीं सहेगा। वहां बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की गई हैं... पिछले 5 हफ्तों से वहां(महाकुंभ में) काम करने वाले सफाई कर्मियों, पुलिस कर्मियों और नगर निगम से जुड़े लोगों को नमन करना चाहिए। प्रशासन को किस तरह से काम करना चाहिए, योगी आदित्यनाथ को देख कर सीखा जा सकता है।"
दिल्ली: वकीलों ने वापस ली हड़ताल
दिल्ली में वकीलों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है।केंद्र सरकार ने वकील प्रस्तावित एडवोकेट अमेंडमेंट बिल, 2025 पर दोबारा विचार करने का भरोसा दिया है। जिसके बाद दिल्ली बार एसोसिएशन की कोऑर्डिनेशन कमिटी ने हड़ताल वापस लेने की जानकारी। पिछले एक हफ्ते से इस बिल के विरोध में वकील हड़ताल कर रहे थे।
राजस्थान लव जिहाद: स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा
राजस्थान लव जिहाद मामले में स्थानीय लोगों ने अपना विरोध जताते हुए मसाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में शामिल हुए लोगों ने आरोपियों को फांसी देने मांग की है। इस मामले में पूर्व पार्षद हाकिम कुरैशी का नाम भी शामिल है।
होटल में लगी आग पर पाया काबू
मुंबई के विले परले इलाके के एक होटल में लगी आग को बुझा लिया गया। होटल के अलग-अलग फ्लोर पर फंसे 70-80 लोगों को सुरक्षित बचाया गया।
तेलंगाना टनल हादसा, PM मोदी ने CM से की बात
तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में श्रीशैलम सुरंग नहर की निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढहने से करीब मजदूर अंदर फंस गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी को फोन किया और SLBC सुरंग में फंसे लोगों के बचाव के बारे में चर्चा की। प्रधानमंत्री ने बचाव प्रयासों में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
दिल्ली विधायक दल की बैठक कल
दिल्ली BJP प्रदेश कार्यालय में रविवार दोपहर 2 बजे विधायक दल की बैठक होगी। जिसमें सीएम रेखा गुप्ता समेत पूरी कैबिनेट शामिल होगी। इसके साथ ही बैठक में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और संगठन मंत्री पवन राणा भी मौजूद रहेंगे।
मुंबई: होटल में लगी आग
मुंबई में विले परले इलाके के एक होटल में भीषण आग लग गई है। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर है और आग बुझाने की कोशिश कर रही है। आग की लपटों और धुएं को दूर से ही दिखा जा सकता है।
सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता
जम्मू के रियासी जिले में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ हुआ है। माहोर में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं। विशेष अभियान समूह (SOG) द्वारा रियासी के माहोर इलाके में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान 4 मैगजीन, एके-47 राइफल के 268 राउंड, गोला-बारूद, चार अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल) और डेटोनेटर के चार पैकेट बरामद किए गए हैं।
पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास को बड़ी जिम्मेदारी
सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रधान सचिव-2 नियुक्त किया। इसके लिए अधिसूचना जारी की गई है।
अरविंदर सिंह लवली प्रोटेम स्पीकर नियुक्त
दिल्ली विधानसभा का सत्र 24 फरवरी से शुरु हो रहा है। सुबह 11 बजे नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी और दोपहर 2 बजे स्पीकर का चुनाव होगा। दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने BJP विधायक अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया।
25 फरवरी को दिल्ली विधानसभा में पेश होगी CAG रिपोर्ट
दिल्ली विधानसभा के पहले दिन 24 फरवरी को सुबह 11 बजे नवनिर्वाचित सदस्य शपथ ग्रहण करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे अध्यक्ष का चुनाव होगा। 25 फरवरी को उपराज्यपाल सदन को संबोधित करेंगे और उसके बाद CAG रिपोर्ट पेश की जाएगी। 27 फरवरी को सुबह 11 बजे उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होगी और उसके बाद उपसभापति का चुनाव होगा।
24 फरवरी से शुरू होगा भारत-जापान संयुक्त सैन्य अभ्यास
भारत और जापान 24 फरवरी से शुरू होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास में भाग लेंगे जिसका उद्देश्य संयुक्त रूप से शहरी युद्ध और आतंकवाद रोधी अभियानों को अंजाम देते हुए दोनों सेनाओं के बीच समन्वय को बढ़ाना है। भारतीय सेना की एक टुकड़ी भारत-जापान संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्म गार्डियन’ के छठे अभ्यास के लिए शनिवार को रवाना हुई। यह सैन्य अभ्यास 24 फरवरी से नौ मार्च 2025 तक जापान के पूर्वी फूजी युद्धाभ्यास प्रशिक्षण क्षेत्र में होगा।
60 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किया महाकुंभ स्नान
प्रयागराज महाकुंभ में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 60 करोड़ के पार हो गया है। प्रयागराज महाकुंभ दुनिया का पहला ऐसा आयोजन है जहां 60 करोड़ से अधिक सनातनी शामिल हुए हैं। मानव इतिहास का यह सबसे बड़ा आयोजन है। इससे पहले इतनी बड़ी संख्या में लोगों के सहभागी होने के प्रमाण नहीं मिलता है।
73 देशों के राजनयिक और भूटान नरेश समेत तमाम देशों के अतिथि यहां स्नान करने पहुंचे हैं। मां जानकी के मायके नेपाल से 50 लाख से अधिक लोगों ने किया पवित्र स्नान किया है।
तमन्ना भाटिया ने महाकुंभ में किया पवित्र स्नान
13 जनवरी से शुरू हुए प्रयागराज महाकुंभ में पवित्र स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अब तक 59 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। शनिवार को अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने भी परिवार के साथ महाकुंभ में पवित्र स्नान किया।
महाकुंभ आकर एक अलग की अनुभूति हुई- केरल राज्यपाल
केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने संगम त्रिवेणी में स्नान करने के बाद कहा कि यहां आकर एक अलग की अनुभूति हुई है, एक अलग सा अनुभव है। ये आस्था का कुंभ है और देश की राष्ट्रीय एकात्मता का ये कुंभ है।
प्रियंका गांधी ने सीएम पिनाराई को पत्र लिखकर की ये मांग
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को पत्र लिखकर मानव-वन्यजीव संघर्ष के पीड़ितों के परिवारों को मुआवज़ा देने में हो रही देरी पर प्रकाश डाला है। उनका यह पत्र मृतकों के परिजनों से प्राप्त याचिकाओं पर आधारित है।
कल पीएम मोदी हमारे बीच पधार रहे- सीएम मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कल का दिन ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे बीच पधार रहे हैं। बागेश्वर धाम के कार्यक्रम के बाद भोपाल आने वाले हैं। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से हम यहां व्यवस्था देखने आए हैं... परसों हमारा घोषित कार्यक्रम ग्लोबल इन्वेस्टर समिट है। दोनों के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
जनता में कांग्रेस की विश्वसनीयता समाप्त हो गई- अरुण साव
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस का जनता में जनाधार और विश्वसनीयता समाप्त हो गई है। कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है। एक परिवार के हितों का संरक्षण करने वाली पार्टी है। यहां किसी की कोई भूमिका नहीं है, जो भूमिका है, वो एक परिवार की है।
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी से की मुलाकात
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की।
2027 के चुनाव का नेतृत्व सिर्फ अखिलेश यादव को करना है- सपा
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि 2027 का चुनाव केंद्र का नहीं उत्तर प्रदेश का चुनाव है। इसका नेतृत्व सिर्फ और सिर्फ अखिलेश यादव को करना है। कांग्रेस के लोग हमारे सहयोगी हैं। मुझे उम्मीद है कि जैसे शानदार गठबंधन हमारा लोकसभा चुनाव में चला वैसे ही उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी चलेगा।
पानी भराव की शिकायत पर एक्शन में पीडब्ल्यूडी मंत्री, बोले- सुनिश्चित करेंगे कि...
दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, "दिल्ली में कई स्थान हैं जहां बारिश में पानी भर जाता है ऐसा ही एक स्थान है मूलचंद फ्लाईओवर के नीचे जहां पानी भराव की शिकायत हमेशा मिलती थी। मैंने अधिकारियों से कहा है कि दिल्ली में जहां भी पानी भरता है वहां अभी मौसम से पहले काम होना चाहिए। पंप लगने चाहिए। पानी निकासी की व्यवस्था होनी चाहिए। हम सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली में बारिश के समय में कोई ऐसी जगह ना हो जहां पानी भरे।"
परवेश वर्मा ने बारापुला रोड पर पीडब्ल्यूडी परियोजनाओं का किया निरीक्षण
दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री परवेश वर्मा ने बारापुला रोड पर पीडब्ल्यूडी परियोजनाओं का निरीक्षण किया। परवेश वर्मा ने कहा, "यहां फेज 3 का काम चल रहा है। मुझे बताया गया कि इतने समय से काम चल रहा है लेकिन कोई दौरा करने नहीं आया था। इनकी पेमेंट की दिक्कत है और वन विभाग से मंजूरी चाहिए। दोनों दिक्कतों को हम जल्द-जल्द दूर करेंगे। जिसके बाद 12 महीने में पूरा रोड चालू हो जाएगा। फेज 4 भी प्रस्तावित है। यहां पर क्या-क्या कमियां है हम वो देखने आए थे।"
आतिशी ने दिल्ली सीएम को पत्र लिखकर मिलने का समय मांगा
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और AAP नेता आतिशी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये प्रति माह देने की योजना के संबंध में 23 फरवरी को AAP विधायक दल से मिलने का समय मांगा है।
CM योगी ने शिव मंदिर में की पूजा-अर्चना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
59 करोड़ 31 लाख लोगों ने महाकुंभ में लगाई डुबकी
प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर महाकुंभ 2025 में पावन डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं का आना जारी है। जानकारी के अनुसार, अबतक 59 करोड़ 31 लाख लोगों ने डुबकी लगाई है। कुछ देर में डुबकी का आंकड़ा 60 करोड़ पार हो जाएगा।
मराठी साहित्य का देश के प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान- सिंधिया
मराठी साहित्य सम्मेलन 2025 पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मराठी साहित्य का बहुत महत्वपूर्ण योगदान हमारे देश की प्रगति और उन्नति में हमेशा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में जा रहे हैं। बहुत सौभाग्य की बात है। इससे अनेक भाषाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
केवल कुंभ ही नहीं आपने महाकुंभ बनाया- सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खेरी में कहा कि केवल कुंभ ही नहीं, आपने महाकुंभ बनाया है। आज हम कुंभी में निवेश का महाकुंभ देख रहे हैं जिसमें बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ 2,850 करोड़ रुपये की लागत से जो एमओयू किया था, वह जमीन पर क्रियान्वित हो रहा है। यह देश में अपनी तरह का पहला निवेश है। मैं उत्तर प्रदेश सरकार, बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड से जुड़े सभी अधिकारियों और लखीमपुर जिले के कुंभी क्षेत्र की जनता को हृदय से बधाई देता हूं जिन्होंने इस निवेश के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान किया।
PM आवास पहुंचीं दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास 7 लोक कल्याण मार्ग (LKM) पहुंचीं। वह पीएम मोदी से मुलाकात करेंगी।
मृत्युंजय तिवारी बोले- सीएम नीतीश को बीजेपी ने किया हाइजैक क्योंकि...
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के बयान पर आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लंबी उम्र जिएं, लेकिन ऐसा तभी हो सकता है जब बीजेपी उन्हें स्वस्थ रहने दे। जब से सीएम ने बीजेपी से हाथ मिलाया है, हमने देखा है कि वे सार्वजनिक मंचों पर बोलते समय भ्रमित हो जाते हैं। इसलिए तेजस्वी यादव कहते हैं कि सीएम को बीजेपी ने पूरी तरह से हाईजैक कर लिया है कि वे अब अपने कोई भी फैसले खुद नहीं लेते। अब बिहार की जनता एनडीए सरकार नहीं, बल्कि तेजस्वी सरकार चाहती है।
बीजेपी द्वारा घोषणापत्र में किए गए वादों का रोडमैप तैयार- दिल्ली मंत्री
दिल्ली के मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि हमने अपने घोषणापत्र में जितने भी कामों का जिक्र किया है, उन सभी का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। आज दिल्ली के सभी सात मंत्री उन सड़कों पर जा रहे हैं, जहां अभी काम बाकी है। (आप) को अपने आप जवाब मिल जाएगा, क्योंकि भाजपा घोषणापत्र में बताई गई सभी बातें पूरी कर रही है।
पीएम मोदी से मिलेंगी दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगी। ये मुलाकात पीएम आवास पर सुबह लगभग 10 बजे होगी।
कैदियों ने त्रिवेणी संगम के जल से किया स्नान
उत्तर प्रदेश के अयोध्या की जेल में त्रिवेणी संगम का जल लाया गया जिससे कैदियों ने स्नान किया। जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्रा कहते हैं कि महाकुंभ से लाए गए जल से जेल के सभी कैदियों ने स्नान किया। जेल में 757 कैदी हैं और सभी ने बिना किसी मतभेद के स्नान किया। उन्होंने अपने मन की शुद्धि के इरादे से स्नान किया। जेल विभाग ने यह फैसला लिया था।
रेखा गुप्ता के CM बनने पर उनकी स्कूल प्रिंसिपल ने जताई खुशी
रेखा गुप्ता के दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता के विद्यालय डीयू के दौलत राम कॉलेज की प्रिंसिपल सविता रॉय कहती हैं, "मेरे पास उनसे जुड़ी बहुत अच्छी यादें हैं। वह हमेशा अपने वादे पूरे करती हैं। मेरा आशीर्वाद उनके साथ है। हम सब उनके साथ हैं।"
इस पर रेखा गुप्ता कहती हैं, "मुझे गर्व है। मैं दिल्ली विश्वविद्यालय और खासकर दौलत राम कॉलेज के छात्रों से कहना चाहती हूं कि सिर्फ रेखा गुप्ता ही सीएम नहीं बनी हैं, आप सभी सीएम बने हैं।"
महाकुंभ के समापन से पहले श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी
प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर महाकुंभ 2025 में पावन डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं का आना जारी है। मेला 26 फरवरी तक चलेगा।
सीएम रेखा गुप्ता के आवास के बाहर जुटी भीड़
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके आवास के बाहर बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों से मुलाकात की। लोग उन्हें बधाई देने के लिए पहुंच रहे हैं।
महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज महाराष्ट्र दौरे पर जाएंगे। यहां वह पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने बुलाई अहम बैठक
दिल्ली की नव-निर्वाचित सीएम रेखा गुप्ता ने आज एक अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में दिल्ली विधानसभा में पेश होने वाले आगामी बजट को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी। इसके अलावा महिला सम्मान योजना को लेकर भी एक मीटिंग बुलाई गई है।
महाकुंभ दौरे पर जाएंगे सीएम योगी
सीएम योगी आज फिर महाकुंभ का दौरा करेंगे। जानकारी के अनुसार, वह दोपहर 1 बजकर 5 मिनट पर प्रयागराज पहुंचेंगे। यहां वह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत करेंगे।