Crime News: देहरादून में रोडरेज के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग, मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर को लगी गोली, मौत के बाद हड़कंप

देहरादून के राजपुर रोड पर रोड रेज की घटना सामने आई, जहां दो बड़ी गाड़ियां तेज रफ्तार में चल रही थी और भारी फायरिंग हो रही थी, इसी दौरान 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर फायरिंग का शिकार हो गए, जिससे उनकी मौत हो गई। जानें क्या है पूरा मामला? पढ़ें पूरी खबर।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

Dehradun road rage Case: उत्तराखंड के देहरादून से रोड रेज की घटना सामने आई है। जहां राजपुर रोड पर जोहड़ी गांव में मॉर्निंग वॉक कर रहे 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर के जोशी की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दो गुट में ये फायरिंग चल रही थी लेकिन इस घटना से ब्रिगेडियर जोशी का कोई लेना-देना नहीं था, बावजूद इसके ताबड़तोड़ फायरिंग के वो शिकार बन गए।

कैसे हुई घटना ?

सुबह करीब 6 बजकर 30 मिनट की है जब राजपुर रोड पर स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर गाड़ियों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद शुरू हुआ। दोनों गाड़ियां तेज रफ्तार में चल रही थीं। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर सवार युवकों पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसी फायरिंग का शिकार ब्रिगेडियर जोशी बन गए। वे रोज की तरह सैर पर निकले थे।

तेज रफ्तार में चल रही थी दो बड़ी गाड़ियां- प्रत्यक्षदर्शी 

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि, दोनों गाड़ियां इतनी तेज चल रही थीं कि अगर वहां लोग होते तो कई कुचल जाते। स्कॉर्पियो से लगातार गोलियां चल रही थीं, इसी बीच ब्रिगेडियर साहब आ गए और उन्हें गोली लग गई। गोली लगते ही ब्रिगेडियर मौके पर गिर पड़े। जिसके बाद उन्हें तुरंत पास के अस्पताल भी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सड़क पर फायरिंग देख लोग हैरान

वहीं पुलिस के मुताबिक, ब्रिगेडियर की उम्र 74 वर्ष थी और वे रिटायर्ड आर्मी अधिकारी थे। घटना के बाद आरोपी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी कुछ दूर छोड़कर फरार हो गए। राजपुर थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपियों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों गाड़ियों की नंबर प्लेट और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की छानबीन शुरू कर दी है।

Advertisement

इस घटना से जोहड़ी गांव और आसपास के लोग डर गए। सुबह की शांत सड़क पर अचानक फायरिंग देखकर लोग हैरान रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रोड रेज अब रोजमर्रा की समस्या बनती जा रही है।  पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि कोई भी जानकारी हो तो तुरंत राजपुर थाने में बताएं। अभी तक आरोपी फरार हैं और उनकी पहचान की जा रही है।  यह घटना एक बार फिर रोड रेज और हथियारों के दुरुपयोग को लेकर बड़े सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी युवकों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें: सिर्फ 18 लाख में मिल रहा DDA फ्लैट, दो दिनों में धड़ाधड़ 700 बुकिंग

Advertisement
Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड