Dal Tadka Recipe: घर पर बनाएं ढाबा स्टाइल दाल तड़का, स्वाद हो जाएगा दोगुना; जानें सिंपल रेसिपी
Dal Tadka Recipe: घर पर भी आप आसानी से ढाबा स्टाइल दाल तड़का बना सकते हैं। खास टिप्स के साथ हम बताने जा रहे हैं स्वादिष्ट और सिंपल रेसिपी, जिसे आप चावल और रोटी के साथ खा सकते हैं। अगर आप इस रेसिपी को ट्राई करेंगे तो आपकी दाल का स्वाद सच में दोगुना हो जाएगा।
- भारत
- 3 min read

Dal Tadka Recipe: भारतीय खाने में दाल तड़का का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। घर के पसंदीदा खाने में से दाल सबसे खास होती है। जो सादगी से बनती है और चावल और रोटी के साथ कमाल का स्वाद देती है। हम बताने जा रहे हैं तड़का दाल की रेसिपी, जिससे आप ढाबों पर मिलने वाला वो खास तड़का घर पर ही लगा लेंगे। जानें आसान और टेस्टी ढाबा स्टाइल दाल तड़का बनाने का सबसे सही तरकी, जो हर कोई पसंद करेगा।
तड़का दाल बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए ?
- अरहर दाल: 1-2 कप (धोकर भिगो लें)
- प्याज: 1-2, बारीक कटे
- टमाटर: 2-3, बारीक कटे
- हरी मिर्च: 2-4, कटी हुई
- अदरक-लहसुन पेस्ट: 1 चम्मच (ऑप्शनल)
- हल्दी पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर
- नमक
- जीरा: 1 छोटा चम्मच
- हींग: चुटकी भर
- साबुत लाल मिर्च: 2
- घी या मक्खन: 2-3 बड़े चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा (गार्निश के लिए)
बनाने की सबसे सही तरीका
- दाल को अच्छे से धोकर 15-20 मिनट भिगो लें। फिर प्रेशर कुकर में पानी के साथ डालें, हल्दी और नमक मिलाकर 3 से 4 सीटी आने तक पका लें। दाल अच्छे से गल जानी चाहिए।
- कुकर से दाल निकालकर एक कड़ाही में डालें। हल्की आंच पर रख दें।
- एक अलग कड़ाही में 1 बड़ा चम्मच घी गर्म करें। इसमें प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें।
- अदरक-लहसुन पेस्ट, हरी मिर्च डालकर भूनें। फिर टमाटर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर मिलाकर अच्छे से पकाएं, जब तक मसाला तेल न छोड़ दे तक तक पकाएं।
- इस मसाले को उबली दाल में डालकर अच्छे से मिलाएं। 5-7 मिनट और पकाएं।
- अब तड़का तैयार करें: एक छोटे पैन में 1-2 बड़े चम्मच घी गर्म करें। जीरा, हींग, साबुत लाल मिर्च डालकर चटकने दें।
- इस तड़के को दाल पर डालें और चम्मच से हल्का मिलाएं। आंच बंद कर दें। बस तैयार है आपकी तड़का दाल।
- ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर सर्व करें।
ढाबा जैसा स्वाद पाने के लिए खास टिप्स
इस तरह से अगर आप घर पर दाल बनाएंगे तो बिल्कुल ढाबे जैसा स्वाद ही आपको मिलेगा, इसके अलावा भी आपको कुछ खास बातों का ध्यान रखना है जैसे ज्यादा स्वाद के लिए घी या मक्खन का इस्तेमाल करें। तड़का हमेशा आखिरी में लगाएं, ताकि खुशबू बनी रहे। अगर चाहें तो मूंग दाल या मिक्स दाल भी यूज कर सकते हैं।
यह रेसिपी बहुत सिंपल है और इसे बनाने के लिए रसोई में ही सारा सामान मिल जाएगा। तो इस रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखिए, आपकी दाल का स्वाद सच में दोगुना हो जाएगा। चावल, रोटी या नान के साथ परोसें और परिवार को खुश करें।