Cyclone Murasu: लैंडफॉल के बाद चक्रवात 'मुरासु' हुआ कमजोर, मगर कई राज्यों में खतरा बरकरार; जानें बारिश को लेकर IMD का ताजा अपडेट

IMD के अनुसार 'मुरासु' अब कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल चुका है और आधी रात तक डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। फिर भी कई राज्यों में भारी बारिश का खतरा बना हुआ है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Cyclone Murasu makes landfall along Andhra Pradesh coast
चक्रवाती तूफान 'मुरासु' लैंडफॉल के बाद हुआ कमजोर | Image: ANI

आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकराने के बाद गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ कमजोर होकर सामान्य चक्रवाती तूफान में बदल गया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि इसका खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। मंगलवार तड़के यह तूफान आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ गया। लैंडफॉल के समय हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जो झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। IMD ने कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह तूफान अब कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल चुका है और आधी रात तक गहरे दबाव वाले क्षेत्र (डीप डिप्रेशन) में बदलने की संभावना है। फिर भी भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। आंध्र प्रदेश और उससे सटे तेलंगाना के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। बुधवार (4 नवंबर) को इन क्षेत्रों के अलावा रायलसीमा, दक्षिण ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

तेलंगाना में भारी बारिश होने की संभावना 

IMC हैदराबाद के वैज्ञानिक-D, डॉ. रघु ने कहा, "आज सुबह लगभग 5:30 बजे भीषण चक्रवात 'मुरासु' दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर ओंगोल के पास टकराया। इसके बाद, यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में तेलंगाना की ओर बढ़ा और अब कमजोर होकर एक चक्रवाती तूफान में बदल गया है। चक्रवात 'मुरासु' के प्रभाव से तेलंगाना में भारी बारिश होने की संभावना है, खासकर राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में खम्मम, भद्राद्री कोठागुडेम और सूर्यपेट जिलों में अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। आसपास के जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।"

इन राज्यों में बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को 19 जिलों और बुधवार को 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 3 से 4 नवंबर के दौरान आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा, कभी-कभी 60 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना है।

Advertisement

IMD का ताजा अपडेट

तमिलनाडु में भी चक्रवात का असर दिखा, जहां पिछले 24 घंटे में 7 से 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 3 और 4 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 3 से 9 नवंबर के बीच भारी बारिश की आशंका है। सिक्किम में 3-4 नवंबर और झारखंड में 5 से 7 नवंबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है। संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने दी ये सलाह

Advertisement
Published By:
 Rupam Kumari
पब्लिश्ड