अपडेटेड 1 December 2024 at 13:48 IST

Cyclone Fengal: पुडुचेरी में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त, NDRF का रेस्क्यू जारी

पुडुचेरी में चक्रवात ‘फेंगल’ के चलते हुई भारी बारिश के कारण रविवार को जनजीवन प्रभावित हुआ। फेंगल 30 नवंबर को यहां तट से गुजरा था। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पुडुचेरी में आज सुबह नौ बजे तक पिछले 24 घंटों में 46 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Follow : Google News Icon  
Cyclone Fengal
पुडुचेरी में भारी बारिश | Image: X

पुडुचेरी में चक्रवात ‘फेंगल’ के चलते हुई भारी बारिश के कारण रविवार को जनजीवन प्रभावित हुआ। फेंगल 30 नवंबर को यहां तट से गुजरा था। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पुडुचेरी में आज सुबह नौ बजे तक पिछले 24 घंटों में 46 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। चक्रवात फेंगल के कारण भारी बारिश हुई, जिसकी वजह से बुलीवर्ड सीमा के बाहरी इलाकों में सभी रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए। शनिवार रात 11 बजे से अधिकतर इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप होने की खबर मिली है।

कई आवासीय कॉलोनियों में पानी भर गया और निवासी कई घंटों तक घरों से बाहर नहीं निकल पाए। लोगों ने बताया कि सड़कों पर खड़े दोपहिया वाहन और कार बारिश के पानी में आंशिक रूप से डूब गईं और कई मकानों में पानी घुस गया। बुजुर्ग लोगों का कहना है कि केंद्र शासित प्रदेश में प्रकृति का ऐसा कहर तीन दशक पहले भी देखने को मिला था। बारिश के चलते मुख्य मार्ग और सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। खेतों में फसलें भारी बारिश की मार झेल रही हैं।

पुडुचेरी में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त

परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं और पांडिचेरी हेरिटेज राउंड टेबल 167 जैसे स्वयंसेवी संगठनों ने राहत शिविरों में रह रहे लोगों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराने के लिए सरकार के प्रयासों में सहयोग दिया है। अधिकारियों ने बताया कि कई प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान जारी है और बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से सैकड़ों लोगों को निकाला गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल, सेना और विशेष बचाव दलों के समन्वित प्रयासों से अभियान कुशलतापूर्वक संचालित किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि जीवा नगर और अन्य संवेदनशील इलाकों में लोगों को निकालने और आवश्यक राहत प्रदान करने के प्रयास जारी हैं।

यह भी पढ़ें: Cyclone Fengal: तमिलनाडु की तट से टकराया चक्रवात फेंगल, तूफान के साथ भारी बारिश का दौर जारी

Advertisement

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 1 December 2024 at 13:48 IST