Cyclone AKVAN Update: ओडिशा की ओर मुड़ा चक्रवात 'अकवान',बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट; 20 नवंबर को इन राज्यों में लैंडफॉल का अनुमान
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात 'अकवान' ने अपना रास्ता बदल लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अब यह तूफान आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। इस बदलाव के बाद प्रभावित इलाकों में प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है और एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
- भारत
- 2 min read

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने अपनी दिशा बदल ली है, जिससे पूर्वी तट के राज्यों में हलचल तेज हो गई है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, अब यह चक्रवात आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच के तटीय क्षेत्रों से टकरा सकता है। इस बदले हुए मार्ग के कारण पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के मौसम में बड़े बदलाव की आशंका जताई गई है।
बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के मौसम पर सीधा असर पड़ेगा। 19 से 21 नवंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम और बांकुड़ा जिलों में भी भारी बारिश के आसार हैं। राजधानी कोलकाता में भी गुरुवार से अगले तीन दिनों तक लगातार बारिश हो सकती है। इस दौरान महानगर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
लैंडफॉल के संभावित क्षेत्र और हवा की गति में बदलाव
बुधवार सुबह तक मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान था कि यह तूफान 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराएगा। उस समय इसके भीषण चक्रवात का रूप लेने और हवा की अधिकतम गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की बात कही गई थी।
हालांकि, दोपहर बाद जारी नए पूर्वानुमान में इसके लैंडफॉल का क्षेत्र बदलकर नरसापुर से पुरी के बीच कर दिया गया है। तट से टकराते समय हवा की अधिकतम निरंतर गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की आशंका है।
Advertisement
प्रशासनिक सतर्कता और मछुआरों के लिए चेतावनी
चक्रवात के संभावित खतरे को देखते हुए पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बंगाल के तटीय इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और स्थानीय मछुआरों को 19 व 20 नवंबर को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है। तेज हवाओं, भारी बारिश और निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए राज्य सरकारों ने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
ये भी पढ़ें - IndiGo, Air India और Akasa का बड़ा फैसला...30 नवंबर तक सऊदी अरब के लिए नहीं उड़ेंगी फ्लाइट्स