उत्तर प्रदेश: ठेकेदार पर मजदूर की पत्नी से बलात्कार करने, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज
पुलिस ने एक ठेकेदार के खिलाफ मजदूर की पत्नी के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने, कृत्य को रिकॉर्ड करने और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसका शोषण करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
- भारत
- 2 min read

पुलिस ने एक ठेकेदार के खिलाफ मजदूर की पत्नी के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने, कृत्य को रिकॉर्ड करने और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसका शोषण करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि 35 वर्षीय महिला का पति ठेकेदार विक्रांत के साथ कटरा जलालाबाद मार्ग पर काम करता है।
अवस्थी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यह घटना एक साल पहले की है, जब ठेकेदार ने महिला के पति पर चोरी का झूठा आरोप लगाया और उसे मिलने के लिए बुलाया।
उन्होंने दर्ज कराई गई रिपोर्ट के हवाले से बताया कि महिला जब ठेकेदार के पास गई तो आरोपी ने उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर उससे बलात्कार किया और उसकी वीडियो बना ली। उसके बाद आरोपी वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर लगातार उसका शोषण कर रहा था तथा पति व बच्चों को छोड़कर उसके साथ रहने के लिए दबाव बना रहा था।
Advertisement
अवस्थी ने बताया कि मामले में मंगलवार रात संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर महिला को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया। वहीं आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।