अपडेटेड 17 June 2024 at 20:00 IST

सनक में फैन की कन्नड़ अभिनेता ने ली जान, इंडस्ट्री के टॉप एक्टर्स बोले- मृतक परिवार न्याय का हकदार

कन्नड़ फिल्म उद्योग के शीर्ष सितारों में शुमार अभिनेता उपेन्द्र और किच्चा सुदीप ने रेणुकास्वामी हत्याकांड पर अपनी राय रखी।

Follow : Google News Icon  
Darshan
दर्शन (बाएं) और रेणुका स्वामी (दाएं) | Image: Instagram

Renuka Swamy Killed:  कर्नाटक के रेणुकास्वामी हत्याकांड मामले में अभिनेता दर्शन की कथित संलिप्तता पर कन्नड़ फिल्म उद्योग के शीर्ष अभिनेताओं ने करीब एक हफ्ते बाद सोमवार को कहा कि पीड़ित का परिवार न्याय पाने का हकदार है लेकिन पुलिस को भी जांच में पारदर्शिता बरतनी चाहिए।

कन्नड़ फिल्म उद्योग के शीर्ष सितारों में शुमार अभिनेता उपेन्द्र और किच्चा सुदीप ने रेणुकास्वामी हत्याकांड पर अपनी राय जताई जिसमें दर्शन और उनकी अभिनेत्री मित्र पवित्रा गौड़ा को 12 जून को गिरफ्तार किया गया था। दोनों सितारों ने कहा कि पीड़ित और उसके परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

उपेन्द्र ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जब कोई मशहूर व्यक्ति इस तरह के क्रूर मामले में फंसता है, तो सभी वीडियो, दस्तावेज और सबूत को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि ना केवल कर्नाटक बल्कि पूरे देश की इस पर नजर है। उपेन्द्र ने कहा कि वह इस उच्च स्तरीय मामले की सुनवाई में निष्पक्ष फैसले और न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Advertisement

उपेन्द्र ने लिखा, ‘‘इस मामले से किस तरह निपटा जा रहा है, इसे लेकर रेणुकास्वामी के परिवार, लोगों, मीडिया और दर्शन के प्रशंसकों में कुछ चिंता और संदेह है। तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इसलिए सुनवाई के वीडियो फुटेज और गवाहों के पूरे ब्योरों को पुलिस को संबंधित लोगों के परिवारों से साझा करना चाहिए। असल में यह एक कानून होना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि पूर्व में पुलिस सुनवाई की कार्यवाही को लिखने के साथ रिकॉर्ड किया करती थी, अब तकनीक इतनी उन्नत हो गई कि हर चीज की वीडियो रिकॉर्डिंग करके उसका सजीव प्रसारण किया जा सकता है। इसलिए इस तरह के कानूनी सुधार को प्राथमिकता देनी चाहिए।

Advertisement

उपेन्द्र ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘खासकर, सार्वजनिक क्षेत्र के किसी व्यक्ति के मामले की बात हो तो पुलिस को नियमित तौर पर सुनवाई के वीडियो और गवाहों के सभी ब्योरे को सार्वजनिकि करना चाहिए। एक मशहूर व्यक्ति की सुनवाई पूरी पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक रूप से होनी चाहिए। इस तरीके से, सबूतों से छेड़छाड़, प्रभावशाली लोगों के हस्तक्षेप और भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो जाएगा।’’

उपेन्द्र ने जोर देकर कहा कि यही एक तरीका है जिसके जरिये रेणुकास्वामी के परिवार, लोगों, मीडिया और दर्शन के प्रशंसकों के मन में पुलिस के प्रति और अधिक सम्मान होगा। इस बीच संवादाताओं से बातचीत में सुदीप ने कहा कि लोग वही जानते हैं जो मीडिया उन्हें दिखा रहा है क्योंकि वे जानकारी पाने के लिए पुलिस थाने नहीं जाते।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि रेणुकास्वामी भी न्याय पाने के हकदार हैं जिन्हें कथित तौर पर मार डाला गया। सुदीप ने कहा, ‘‘उनकी पत्नी भी न्याय की हकदार हैं, उनकी अजन्मी संतान भी न्याय की हकदार है। इन सब से परे, उन सभी व्यक्तियों के लिए, जिनका इस पर भरोसा है, इस मामले में न्याय होना चाहिए। ’’

एक संवाददाता ने सुदीप को याद दिलाया कि दर्शन उनके मित्र हैं। इस पर सुदीप ने कहा कि मित्रता या संबंध न्याय के हक से अलग बातें हैं। सुदीप ने कहा, ‘‘सेलेब्रिटी होने का मतलब यह नहीं है कि हम भगवान हैं, हमारे साथ इस तरह व्यवहार ना करें। मुझसे यह नहीं पूछें कि फिल्म उद्योग को क्या कदम उठाना चाहिए। समाचार देखिए और खुद निर्णय लीजिए। और सबक लीजिए कि आपको अपने जीवन में क्या नहीं करना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि उनकी किसी के भी बारे में गलत बोलने की आदत नहीं है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि फिल्म उद्योग का नाम खराब नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा ‘‘कन्नड़ फिल्म उद्योग कई लोगों की कड़ी मेहनत की वजह से आज इस ऊंचाई पर पहुंचा है। एक व्यक्ति की वजह से पूरे उद्योग का नाम खराब होना गलत बात है। इसलिए हम चाहते हैं कि इस मामले में न्याय हो।’’ कन्नड़ अभिनेता दर्शन और उसके 17 साथियों को रेणुकास्वामी की हत्या के आरोप में आठ जून को चित्रदुर्ग से गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि रेणुकास्वामी ने दर्शन की दोस्त और अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा को अश्लील संदेश भेजे थे।

ये भी पढ़ें- पंकजा मुंडे की हार से सदमे में आए समर्थक ने दी जान, बिलखते परिवार को देख रो पड़ीं बीजेपी नेता- VIDEO

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kiran Rai

पब्लिश्ड 17 June 2024 at 20:00 IST