बिस्तर, टेबल और फंदे पर लाशें, पिंक पेपर पर मोबाइल का PIN...मां-बेटी-बेटे ने की खुदकुशी; सुसाइड नोट लिखा फिर भी हत्या का एंगल खंगाल रही पुलिस
जयपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जब दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुई तो अंदर का नजारा देखकर स्तब्ध रह गई।
- भारत
- 2 min read

Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक परिवार के सामूहिक आत्महत्या का मामला सामने आया है। भट्ठा बस्ती थाना इलाके में मां-बेटी और बेटे का शव पड़ा मिला। इस खबर के उजागर होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कांवटिया सर्किल के पास रामनगर स्थित एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बंद कमरे में तीनों ने आत्महत्या कर ली। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले मां और बहन की हत्या की और फिर खुद फंदे से लटककर अपनी जान दे दी।
तीन सदस्यों के शव बरामद
यह घटना गुरुवार यानी 26 नवंबर 2026 की बताई जा रही है। टेबल पर मां, बिस्तर पर खून से लथपथ बेटी और कमरे में फंदे से लटका बेटे का शव मिला है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों सदस्यों के शव को बरामद कर लिया है। साथ ही घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड नोट में मरने का कारण का जिक्र
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें पिन के साथ लिखा है, 'मरने का कारण मोबाइल में है।' अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुट गई है कि आखिर फोन में ऐसा कौन सा 'राज' छिपा है, जिसका जिक्र नोट में किया गया है।
Advertisement
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सभी शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। अब मोबाइल में मौजूद जानकारी का पता लगने के बाद ही परिवार की परिस्थिति और घटना से जुड़े तथ्य सामने आ पाएंगे। मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।