अपडेटेड 16 July 2025 at 23:55 IST
राहुल फाजिलपुरिया फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी, रेकी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग केस में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने रेकी करने वाले आरोपी विशाल को सोनीपत से गिरफ्तार किया है।
- भारत
- 2 min read

हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया पर जानलेवा हमले की साजिश में गुरुग्राम पुलिस ने 25 साल के आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी, सोनीपत के जाजल गांव का निवासी है, जो कई दिनों से राहुल की हर गतिविधि की रेकी कर रहा था।
14 जुलाई 2025 को राहुल फाजिलपुरिया जब अपनी थार गाड़ी से SPR रोड की तरफ जा रहे थे, तभी सफेद टाटा कार सवार अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर गोली चलाई। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और सड़क किनारे लगे एक लोहे के पोल से जा टकराई। बदशाहपुर थाना पुलिस को शाम 5 बजकर 50 मिनट पर फायरिंग की सूचना मिली। क्राइम यूनिट और सीन ऑफ क्राइम टीम के साथ पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से लोहे का वह पोल जब्त किया जिस पर गोली के निशान थे।
आरोपी विशाल ने की थी रेकी
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी विशाल ने कई बार गुरुग्राम आकर अलग-अलग गेस्ट हाउस में रुककर राहुल की गतिविधियों की रेकी की। राहुल के आने-जाने का रास्ता, ठहरने की जगह, समय और वाहन की जानकारी विशाल इन अपने साथियों तक पहुंचाता था, जिसने घटना वाले दिन यह जानकारी दी, जिसके बाद फायरिंग की गई।
किराए की कार से दिया वारदात को अंजाम
जिस टाटा पंच कार से गोली चलाई गई थी, वह किराए पर ली गई थी और आरोपी विशाल भी इस प्रक्रिया में शामिल था। पुलिस ने पहले ही कार को बरामद कर लिया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई में गुरुग्राम पुलिस की टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि बाकी साथियों और किसी बड़ी साजिश का पता लगाया जा सके। फोन कॉल्स, लोकेशन हिस्ट्री और गेस्ट हाउस एंट्री पर भी पुलिस का फोकस है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, यह गिरफ्तारी इंस्पेक्टर अमित कुमार की टीम ने की। पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां शेयर की हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
Advertisement
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 16 July 2025 at 23:53 IST