अपडेटेड 4 October 2024 at 23:31 IST

Pune Gangrape: पुणे गैंगरेप केस में पुलिस ने जारी किया दो स्केच, 10 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी

महाराष्ट्र में पुणे शहर के बाहरी इलाके में 21 साल की युवती के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके पुरुष मित्र की पेड़ से बांधकर पिटाई की।

Follow : Google News Icon  
Sketches of Pune gangrape accused
Pune Police release sketches of both gangrape accused | Image: Republic

महाराष्ट्र में पुणे शहर के बाहरी इलाके में 21 साल की युवती के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके पुरुष मित्र की पेड़ से बांधकर पिटाई की। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इसके साथ ही मामले के आरोपियों का स्केच भी जारी किया है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे बोपदेव घाट इलाके की है। पुलिस ने शुक्रवार को दो संदिग्धों के ‘स्केच’ जारी किए और उन्हें पकड़ने के लिए लोगों से मदद मांगी। पुलिस ने बताया कि घटना कोंढवा पुलिस थाना क्षेत्र की है। कोंढवा पुलिस के अनुसार महिला अपने एक पुरुष मित्र के साथ उस इलाके में गई थी।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रंजन कुमार शर्मा ने बताया, “प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला और उसका पुरुष मित्र देर रात बोपदेव घाट इलाके में गए थे, जहां तीन अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर उसके (महिला) साथ दुष्कर्म किया।” उन्होंने बताया कि तीनों ने पहले महिला के पुरुष मित्र को अपराध स्थल पर एक पेड़ से बांध दिया और फिर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

10 टीमें मामले में कर रही जांच

शर्मा ने बताया कि महिला अपने पुरुष मित्र के साथ पुणे शहर में महाराष्ट्र सरकार द्वारा संचालित ससून जनरल अस्पताल पहुंची, जिसके बाद शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे पुलिस को घटना के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस की 10 टीम गठित की गई हैं। कोंढवा पुलिस थाने के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घटना एक सुनसान जगह पर हुई और तीनों ने महिला के पुरुष मित्र के साथ भी मारपीट की।

Advertisement

इस बीच पुलिस ने घटनास्थल पर एक फोरेंसिक टीम भेजी और सुराग जुटाने तथा आरोपियों का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों की भी मदद ली।

अधिकारी ने कहा, "हमने महिला के पुरुष मित्र द्वारा दिए गए विवरण के आधार पर दो संदिग्धों के स्केच तैयार किए हैं।" पुलिस ने तीन मोबाइल फोन नंबर (8691999689, 8275200947, 9307545045) उपलब्ध कराए हैं और लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें इस मामले के बारे में कोई जानकारी मिले तो वे उनसे संपर्क करें।

Advertisement

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 4 October 2024 at 23:31 IST