बोरे में किशोर के शव के टुकड़े मिले, तीन आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में खकरा नदी में तैरते मिले बोरे में 16 साल के एक किशोर का कई टुकड़ों में कटा हुआ शव बरामद किया गया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Arrest
प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: Canva

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में खकरा नदी में तैरते मिले बोरे में 16 साल के एक किशोर का कई टुकड़ों में कटा हुआ शव बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में मृतक के मोहल्ले के ही रहने वाले एक युवक समेत तीन लोगों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने खकरा नदी में एक बोरे से एक किशोर का कई टुकड़ों में कटा हुआ शव बरामद किया।

उन्होंने बताया कि शव के कटे हुए हाथ-पैर बोरे से बाहर आ गए थे, जबकि सिर तथा शरीर के अन्य अंग बोरे में ही थे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव के टुकड़ों को नदी से बाहर निकलवाया।

पांडेय के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त न्यूरिया थाना क्षेत्र के बिथरा गांव निवासी पूरन लाल उर्फ सागर के रूप में हुई है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि शव करीब चार दिन पुराना लग रहा है और परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हीं के मोहल्ले में रहने वाले शुभम वाल्मीकि ने सागर की हत्या की है।

पांडेय के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में शिवम और उसके दो साथियों-बॉबी और प्रमोद को आज गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement

पांडेय ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने पुरानी रंजिश को लेकर अपने एक अन्य साथी की मदद से सागर को अगवा किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पांडेय के मुताबिक, आरोपियों ने कहा कि हत्या के बाद उन्होंने सागर के शव के छह टुकड़े करके बोरे में भर दिए और उसे नदी में फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम की गांव में मांस की दुकान है और उसने दुकान में मौजूद उपकरणों से सागर के शव के कई टुकड़े किए थे।

पांडेय ने बताया कि मृतक की मां इंद्रवती ने पुलिस को बताया है कि सागर 10 मार्च को शाम सात बजे घर से निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और दो दिन खोजबीन करने के बाद थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

इंद्रवती ने बताया कि उसका बेटा सागर मजदूरी करता था और मोहल्ले के ही रहने वाले शुभम वाल्मीकि से उसका पिछले तीन साल से विवाद था।

इंद्रवती ने आरोप लगाया कि सागर अक्सर शुभम की गुंडागर्दी का विरोध करता था और एक सप्ताह पहले शुभम ने सागर को होली के दिन जान से मारने की धमकी दी थी।

मृतक के चाचा अंगन लाल ने बताया कि शुभम और सागर के बीच एक साल पहले मारपीट हुई थी, जिसे लेकर मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

Published By:
 Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड