अपडेटेड 25 February 2026 at 08:06 IST
रईसों से कराती मीटिंग, फिर रेप के बाद शुरू होता धर्मांतरण का खेल...भोपाल की अमरीन और आफरीन ऐसे बिछाती थीं जाल, टारगेट पर थी गरीब लड़कियां
भोपाल में लड़कियों को काम दिलाने का लालच देकर दुष्कर्म और फिर धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो सगी बहनों समेत उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
- भारत
- 3 min read

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां काम देने के बहाने कथिततौर पर दुष्कर्म, धर्मांतरण और नौकरी दिलाने के नाम पर सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी अमरीन और आफरीन को उनके सहयोगी चंदन यादव के साथ धर दबोचा।
जानकारी के मुताबिक, अमरीन और आफरीन लड़कियों का जबरन धर्म परिवर्तन कराकर अमीर युवकों को गुजरात और मुंबई तक सप्लाई किया करती थीं। इस काले धंधे में दोनों ने इतना पैसा कमाया कि भोपाल की अब्बास नगर की झुग्गी से सीधे आशिमा मॉल के पास स्थित सागर रॉयल विला में बड़ा और आलीशान घर ले लिया। दोनों लग्जरी लाइफस्टाइल जीने लगीं।
मामले का कैसे हुआ खुलासा?
पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब रविवार यानी 22 फरवरी की रात दो महिलाओं ने बाग सेवनिया थाने में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं। लेकिन ताज्जुब की बात ये रही दोनों की शिकायतें मिलती-जुलती थीं। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों बहनों समेत उनके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मामले के तीन अन्य आरोपी बिलाल, चानू और यासिर फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई है।
नशीली दवा देकर किया रेप…
पीड़िताओं का आरोप है कि नौकरी के नाम पर उन्हें बहलाया-फुसलाया गया। फिर नशीली दवा देकर उनका रेप किया। इसके बाद उन पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाया जाने लगा। बताया जा रहा है कि अमरीन और आफरीन उन लड़कियों को निशाना बनाती थीं जो गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर थीं। दोनों मदद करने और नौकरी दिलाने का लालच देकर पहले भरोसा जीततीं, फिर घरेलू काम के लिए रख लेती थीं। इसके बाद हाई प्रोफाइल लाइफ स्टाइल का सपना दिखाकर बड़ी-बड़ी पार्टीज में ले जाया करतीं। यहीं पर उन्हें अमीर युवकों के आगे परोसा जाता और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता था।
Advertisement
पीड़िताओं ने बताई आपबीती
एक पीड़िता, जो कि पेशे से ब्यूटीशियन है उसने आरोप लगाया कि दिसंबर 2025 में काम दिलाने के बहाने उसे अहमदाबाद ले जाया गया। यहां यासिर नाम के युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसका आरोप है कि बिलाल और चानू ने भी कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया।
दूसरी पीड़िता, जो अमरीन के घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम किया करती थी उसने बताया कि नारायण नगर स्थित अमरीन की बहन के घर पर चंदन यादव ने उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद किसी भी वारदात के बारे में बताने या विरोध करने पर उसे जान से मारने और बदनाम (तस्वीरें वायरल) करने की भी धमकी दी गई। चंदन भी धर्म परिवर्तन कर चुका था।
Advertisement
मुंह खोलने की हिमाकत की तो…
पीड़िताओं के मुताबिक, जब उन्होंने अमरीन के सामने उसका काम छोड़ने की बात रखी तो उसने धमकाया कि कभी मुंह खोलने की हिमाकत न करें, नहीं तो उनके कई बड़े लोगों से संपर्क है। ऐसा करने पर जान भी जा सकती है।
आरोपी के मोबाइल में मिले सबूत?
अमरीन, आफरीन और चंदन के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं। अमरीन के मोबाइल में कई सबूत हाथ लगे हैं, जिसमें संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप और कई महिलाओं की तस्वीरें शामिल हैं। एजेंसियां इस मामले में गहनता से जांच कर रही हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 25 February 2026 at 08:06 IST