MP: लूट के बाद महिला से किया था गैंगरेप, गिरफ्तार 3 आरोपियों की पुलिस ने बीच शहर निकाली परेड, कान पकड़कर कराई उठक-बैठक. VIDEO
Gangrape News: बोरी थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसमें एक महिला के साथ लूट और उसके बाद गैंगरेप की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए 3 मुख्य आरोपियों का बीच बाजार में जुलूस निकाला।
- भारत
- 3 min read
Madhya Pradesh Gangrape Case News: अलीराजपुर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के बोरी कस्बे में पिछले दिनों एक महिला के साथ लूट और उसके बाद गैंगरेप की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए गिरफ्तार किए गए 3 मुख्य आरोपियों का बीच बाजार में जुलूस निकाला।
कान पकड़कर लगवाई उठक-बैठक
अपराधियों के हौसले तोड़ने और आम जनता के मन से डर खत्म करने के लिए पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच इन आरोपियों को बोरी नगर की मुख्य सड़कों पर पैदल घुमाया। इतना ही नहीं, पुलिस ने बीच बाजार में सबके सामने आरोपियों से कान पकड़कर उठक-बैठक भी लगवाई। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
चूंकि यह मामला बेहद गंभीर है, इसलिए जुलूस के दौरान पूरे कस्बे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। किसी भी तरह के हंगामे या अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान पुलिस के अधिकारी भी चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए थे।
अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार, 4 की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस जघन्य अपराध में कुल 8 लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इनमें से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से 3 का जुलूस निकाला गया। बाकी बचे 4 आरोपियों की तलाश अभी जारी है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं।
Advertisement
क्या है पूरा मामला?
बोरी थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में भारी आक्रोश है। बीती रात करीब 8 से 10 हथियारबंद बदमाश एक विधवा महिला के घर में जबरन घुस गए। घटना के वक्त महिला घर में बिल्कुल अकेली थी। बदमाशों ने हथियारों के बल पर अकेली महिला को डराया-धमकाया और उसके साथ मारपीट की। चांदी और अन्य कीमती सामान लूटने के इरादे से उन्होंने पूरे घर का सामान तहस-नहस कर दिया। पीड़िता द्वारा दी गई पुलिस शिकायत के अनुसार, लूटपाट करने के बाद बदमाशों में से तीन आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इस गंभीर और जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से भागने में कामयाब रहे।
पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच की जा रही है और जो भी सबूत मिलेंगे, उनके आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।