130 से अधिक केस और लॉरेंस बिश्नोई के इशारों पर वारदात, अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लौटा कुख्यात गैंगस्टर लखविंदर कुमार
हरियाणा पुलिस अब लखविंदर और सुनील से उनके नेटवर्क, शूटरों और विदेशी संपर्कों की जानकारी निकालने पर जुटी है। यह न केवल स्थानीय अपराधों को रोकने में मददगार होगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कानूनी ताकत को मजबूत करेगा।
- भारत
- 3 min read

भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों (Indian law enforcement agencies) ने विदेशों में छिपे अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) अमेरिका से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के गैंगस्टर लखविंदर कुमार को डिपोर्ट कर भारत ले आई है। दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही हरियाणा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई न केवल लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के लिए बड़ा झटका है, बल्कि विदेशों में बैठकर अपना नेटवर्क चला रहे भगोड़ों के खिलाफ एक मजबूत संदेश है।
लखविंदर कुमार हरियाणा के सबसे खतरनाक अपराधियों में से एक है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर रहा है। उसके खिलाफ 130 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी वसूली, हत्या के प्रयास, फायरिंग और धमकी जैसे अपराध शामिल हैं। वह NCR के व्यापारियों और बिल्डरों को निशाना बनाकर एक्सटॉर्शन सिंडिकेट चलाता था। लॉरेंस के इशारों पर काम करते हुए वह विदेशों से भी फोन कॉल्स के जरिए फिरौती मांगता और विरोध करने वालों पर अपने गुर्गों से गोली चलवाता था।
रेड कॉर्नर नोटिस था जारी
पुलिस से बचने के लिए लखविंदर ने भारत छोड़कर अमेरिका में शरण ले ली थी, जहां वह पहचान बदलकर अपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। हरियाणा पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल होने के बाद CBI ने इंटरपोल की मदद से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था। 26 अक्तूबर, 2024 को यह नोटिस प्रभावी हुआ, जिसके बाद अमेरिकी एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर डिपोर्टेशन प्रक्रिया तेज की गई। 25 अक्टूबर, 2025 को वह भारत लौटा और अब हरियाणा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पूछताछ में उसके सिंडिकेट के नेटवर्क, गुर्गों की संख्या और विदेशों में अपराधों की साजिशों का खुलासा होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि लखविंदर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी शामिल था। ये हत्याकांड लॉरेंस गैंग की साजिशों का हिस्सा था। इस गिरफ्तारी से गैंग के अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशंस पर ब्रेक लगेगा।
Advertisement
सुनील सरधानिया भी आया भारत
लखविंदर के साथ हरियाणा का मोस्ट वांटेड सुनील सरधानिया भी भारत लाया गया है। सुनील सरधानिया को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख से डिपोर्ट कर भारत भेजा गया है, वो हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग और उसके साथी रोहित शौकीन की हत्या के मामलों का मुख्य आरोपी है। सुनील पर हत्या, वसूली और रंगदारी गिरोह चलाने के आरोप हैं। वह NCR-हरियाणा क्षेत्र में एक बड़ा एक्सटॉर्शन नेटवर्क चलता था और विदेशों में भी अपनी पहुंच फैला रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। हाल ही में स्विट्जरलैंड से डिपोर्ट होकर भारत पहुंचा सुनील अब गुरुग्राम पुलिस की हिरासत में है।
भगोड़ों पर भारत की सख्ती
यह कार्रवाई एक बड़े अभियान का हिस्सा है, जिसमें अमेरिका से 50 से अधिक भगोड़े अपराधी भारत लाए जा चुके हैं। इनमें हरियाणा और दिल्ली-NCR के कई मोस्ट वांटेड शामिल हैं, जो विदेशों में जाकर नाम बदलकर अपराध जारी रखते थे। इन अपराधियों को अब कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। हरियाणा पुलिस और सीबीआई का यह संयुक्त प्रयास अपराध सिंडिकेट्स को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।