अपडेटेड 21 February 2025 at 23:43 IST

कर्नाटक: बेंगलुरु में महिला से सामूहिक बलात्कार, चार गिरफ्तार

कर्नाटक के बेंगलुरु के कोरमंगला में एक होटल में 33 वर्षीय एक महिला से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

Follow : Google News Icon  
Udaipur Woman Gang-Raped In Moving Car By 4 Men
प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: representative

कर्नाटक के बेंगलुरु के कोरमंगला में एक होटल में 33 वर्षीय एक महिला से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात को यह घटना हुई थी और इस मामले में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता होटल के खानपान विभाग में काम करती है और कार्यक्रमों में भोजन परोसती है।

पुलिस ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वह ज्योति निवास कॉलेज जंक्शन पर इंतजार कर रही थी तभी 20 साल की उम्र के चार लोग उसके पास आए और उससे बातचीत करने लगे। इसके बाद उनके बीच दोस्ती हो गई और आरोपियों ने महिला को रात के भोजन के लिए एक होटल में बुलाया।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, एक निजी होटल में रात के भोजन के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर शादीशुदा महिला (पीड़िता) से यौन संबंध बनाने की कोशिश की और होटल की छत पर उससे कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने उसे घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी और शुक्रवार सुबह करीब छह बजे उसे छोड़ दिया।

Advertisement

उन्होंने बताया कि घर पहुंचने पर पीड़िता ने अपने पति को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपी दूसरे राज्य के हैं और होटल में काम करते हैं।

संयुक्त आयुक्त (पूर्व) रमेश बनोठ ने कहा, ‘‘शिकायत के आधार पर हमने कोरमंगला पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 (सामूहिक बलात्कार) के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।’’

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) सारा फातिमा ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया, ‘‘हमें सुबह करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच सूचना मिली और मामला दर्ज कर लिया गया। इसमें चार युवक शामिल थे और सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।”

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की चिकित्सा जांच कराई गई है और अब वह ठीक है।

फातिमा ने कहा, “हम यह पता लगा रहे हैं कि महिला उनके साथ क्यों गई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, वे (आरोपी) अपनी दोस्त से मिलने वहां गए थे। हमें यह भी पता लगाना है कि क्या वे एक-दूसरे को जानते थे। महिला दिल्ली की रहने वाली है और अपने पति के साथ यहां रह रही है।’’

डीसीपी ने बताया कि तीन आरोपी पश्चिम बंगाल और एक उत्तराखंड का रहने वाला है।

पुलिस से यह पूछे जाने पर कि क्या आरोपी नशे में थे तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 21 February 2025 at 23:43 IST