Jharkhand हाईकोर्ट ने विदेशी पर्यटक से सामूहिक दुष्कर्म मामले पर राज्य सरकार से मांगी रिपोर्ट

झारखंड उच्च न्यायालय ने दुमका में स्पेन की एक महिला से सामूहिक बलात्कार से संबंधित मामले पर स्वत: संज्ञान लिया, राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Jharkhand High Court
झारखंड उच्च न्यायालय | Image: PTI

झारखंड उच्च न्यायालय ने दुमका जिले में स्पेन की एक महिला से सामूहिक बलात्कार से संबंधित मामले का सोमवार को स्वत: संज्ञान लिया और राज्य सरकार से मामले पर रिपोर्ट दाखिल करने को कहा। अदालत ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), मुख्य सचिव और दुमका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से इस मामले में रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा है।

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस. चन्द्रशेखर और न्यायमूर्ति नवनीत कुमार की खंडपीठ ने इस संबंध में डीजीपी, मुख्य सचिव और एसपी को नोटिस जारी किया। अदालत सात मार्च को मामले की सुनवाई करेगी।

अधिवक्ता रितु कुमार ने पीठ के समक्ष घटना का उल्लेख किया और इससे संबंधित मीडिया में आईं कई खबरों का जिक्र किया, जिसके बाद अदालत ने मामले पर संज्ञान लिया। अदालत ने मामले में कुमार को न्याय मित्र भी नियुक्त किया।

एक अधिकारी ने बताया कि इस बीच, दुमका प्रशासन ने सोमवार को सामूहिक बलात्कार पीड़िता के पति को मुआवजे के तौर पर 10 लाख रुपये का चेक सौंपा। पुलिस ने बताया कि राज्य की राजधानी रांची से लगभग 300 किलोमीटर दूर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरुमाहाट में शुक्रवार को विदेशी पर्यटक के साथ कथित तौर पर तब सामूहिक बलात्कार किया गया, जब वह अपने पति के साथ एक तंबू में रात बिता रही थीं।

Advertisement

महिला और उनके 64 वर्षीय पति दो मोटरसाइकिलों पर बांग्लादेश से दुमका पहुंचे थे और बिहार के रास्ते नेपाल जा रहे थे। अधिकारी ने कहा, ‘‘पीड़ित मुआवजा योजना के तहत पीड़िता को 10 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। हम आरोपियों को जल्द सजा दिलाने की कोशिश करेंगे।’’

Advertisement

पीड़िता के पति ने त्वरित कार्रवाई के लिए झारखंड पुलिस को धन्यवाद दिया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड