गुरुग्राम में पुलिस का बड़ा एनकाउंटर, दीपक नांदल गैंग के 4 शूटर मौके पर ढेर, पुलिस के 3 जवान भी घायल
गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की पांच हथियारबंद अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। अपराधी एक व्यवसायी के घर पर फायरिंग कर रहे थे, जिन्हें विदेशी गैंगस्टर से फिरौती की धमकियां मिल रही थीं। पुलिस की चेतावनी के बावजूद उन्होंने जवाबी गोलीबारी की। पुलिस की फायरिंग में चार अपराधी मारे गए, एक घायल हुआ।
- भारत
- 2 min read

गुरुग्राम पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई की है। सुशांत लोक फेज-1 के ए ब्लॉक इलाके में गुरुवार देर रात क्राइम ब्रांच की टीम और कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल गैंग के बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस भीषण में मुठभेड़ में दोनों तरफ से भारी क्रॉस फायरिंग हुई।
इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चार अपराधी मौके पर ही ढेर हो गए, जबकि एक अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी में हथियारबंद अपराधी सुशांत लोक क्षेत्र में घूम रहे हैं। क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची तो अपराधी एक स्थानीय व्यवसायी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग कर रहे थे। इस व्यवसायी को विदेश में बैठे एक इनामी गैंगस्टर की ओर से फिरौती की मांग वाले लगातार धमकी भरे संदेश आ रहे थे।
बदमाशों ने शुरू की फायरिंग
पुलिस टीम ने अपराधियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा और अपराधियों को गिरफ्तार करने के उद्देश्य से जवाबी फायरिंग की।
Advertisement
पुलिस जवाबी फायरिंग में सभी पांच अपराधियों को गोली लगी। उन्हें तुरंत एक निजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार अपराधियों को मृत घोषित कर दिया। एक अपराधी का इलाज अस्पताल में जारी है।
पुलिसकर्मियों का इलाज जारी
मुठभेड़ के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर रखे हुए हैं।
Advertisement
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट मौके पर पहुंच गए। सीन ऑफ क्राइम, एफएसएल और अन्य विशेषज्ञ टीमें घटनास्थल का वैज्ञानिक जांच कर रही हैं और साक्ष्य एकत्र कर रही हैं।
मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मृत और घायल अपराधियों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड और बरामद हथियारों की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद जारी की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को डराने और अपराध करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि शहर की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।