अपडेटेड 11 January 2024 at 07:36 IST
Goa Murder Case: वो CEO थी, मां थी फिर क्यों किया कलेजे के टुकड़े का कत्ल; 'ममता' पर भारी पड़ा ईगो?
सूचना सेठ बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप 'माइंडफुल एआई लैब' की सीईओ है। 2010 में उसकी वेंकट रमन से शादी हुई। 2019 में दोनों को एक बेटा हुआ।
- भारत
- 5 min read

Goa Murder Case latest update : मां की ममता बच्चे के जीवन की अमूल्य धरोहर होती है। उसका वात्सल्य अनमोल होता है। बच्चे पर आंच आ जाए तो बिना परवाह मौत से भी भिड़ जाती है मां। या फिर यूं कहें कि बच्चे का मां से नाता सिर्फ जन्म का नहीं बल्कि सांसों का होता है। बच्चा जब पहली सांस मां की कोख में लेता है, तभी से उसके जीवन की डोर उससे बंध जाती है। पर जब ममता और वात्सल्य पर ईगो भारी पड़ जाए, वो भी इतना भारी कि उसके तुष्टि के लिए वो अपने कलेजे को टुकड़े को मौत दे दे तो सोचना जरूरी है।
ऐसा इसलिए क्योंकि 39 साल की सूचना सेठ ने तो अपने 4 साल के अबोध बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। वजह सिर्फ यह कि वह नहीं चाहती थी कि उसका पति उसके बच्चे से मिले। पति-पत्नी के बीच तलाक का केस चल रहा था और दोनों के बीच बेटे की कस्टडी के लिए कानूनी लड़ाई चल रही थी।
इस तरह मां से कसाई बनी CEO सूचना सेठ
सूचना सेठ बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप 'माइंडफुल एआई लैब' की सीईओ है। 2010 में उसकी वेंकट रमन से शादी हुई। 2019 में दोनों को एक बेटा हुआ। लेकिन इसके बाद दोनों के रिश्तों में कड़वाहट आने लगी। 2020 में दोनों अलग हो गए और उनके तलाक की प्रक्रिया आखिरी चरण में थी। तलाक के मामलों में सबसे पेचीदा होता है बच्चों के कस्टडी का मामला। कोर्ट ने वेंकट रमन को हर रविवार को अपने बेटे से मिलने की इजाजत दे दी थी। सूचना सेठ नहीं चाहती थी कि वह हर रविवार अपने बेटे को पति के पास ले जाए। उसने इसे अपने ईगो से जोड़ लिया और उसे तुष्ट करने के चक्कर में वह मां से कसाई बन गई।
Advertisement
ऐसे की बेटे की हत्या, इसतरह हुई गिरफ्तार
सूचना सेठ ने अपने चार वर्षीय बेटे की गोवा में हत्या कर दी और फिर उसके शव को बैग में भरकर टैक्सी से पड़ोसी राज्य कर्नाटक चली गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे मंगलवार को गोवा लाया गया और मापुसा शहर की एक अदालत ने उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
Advertisement
सूचला छह जनवरी को अपने बेटे के साथ उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में एक किराए के फ्लैट में आई थी और दो दिनों तक वहां रहने के बाद सोमवार को टैक्सी से बेंगलुरु चली गई। पुलिस ने बताया कि अपार्टमेंट के कर्मचारियों ने बाद में पुलिस को सूचित किया और उन्हें बताया कि जब वह वहां से निकली, तो उनका चार वर्षीय बेटा उनके साथ नहीं दिखा।
शीर्ष 100 प्रतिभाशाली महिलाओं में से एक थीं सूचना सेठ
ऑनलाइन पेशेवर मंच ‘लिंक्डइन’ पर सेठ के पेज के अनुसार, वह स्टार्ट-अप कंपनी ‘माइंडफुल एआई लैब’ की सीईओ हैं और 2021 के लिए ‘एआई एथिक्स’ में शीर्ष 100 प्रतिभाशाली महिलाओं में से एक थीं। कलंगुट पुलिस थाने के निरीक्षक परेश नाइक ने कहा, ‘‘महिला छह जनवरी को अपने बेटे के साथ उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में एक किराए के फ्लैट में पहुंची थी। उन्होंने बताया कि दो दिन वहां रहने के बाद, उसने अपार्टमेंट के कर्मचारियों को कहा कि उसे कुछ काम के लिए बेंगलुरु जाना है। उसने उन्हें टैक्सी की व्यवस्था करने को भी कहा।
नाइक ने कहा, ‘‘कर्मचारियों ने महिला से कहा कि वह बेंगलुरु के लिए उड़ान ले सकती हैं, क्योंकि टैक्सी से जाना महंगा रहेगा।’’नाइक ने बताया कि आरोपी ने जोर देकर कहा कि वह टैक्सी से ही जाएगी। उन्होंने बताया कि आठ जनवरी को एक टैक्सी की व्यवस्था होने के बाद महिला सुबह-सुबह बेंगलुरु के लिये निकल गई। नाइक ने बताया कि बाद में जब कर्मचारी उस कमरे की सफाई करने के लिए गये, जहां वह रुकी हुई थी, तो उन्हें तौलिये पर खून के धब्बे मिले।
उन्होंने कहा, ‘‘इस बारे में कर्मचारियों ने तुरंत कलंगुट पुलिस को सूचित किया और एक टीम मौके पर पहुंच गई।’’ उन्होंने कहा कि कर्मचारी ने यह भी बताया कि जब महिला फ्लैट से निकली थी, तो उसका चार साल का बेटा उसके साथ नहीं दिखा तथा उसके पास असामान्य रूप से भारी एक बैग भी था। इसके बाद, पुलिस ने महिला से पूछताछ की और उससे खून के धब्बों तथा उसके ‘लापता’ बेटे के बारे में सवाल किए।
अधिकारी ने कहा, ‘‘महिला ने हमें बताया कि खून के धब्बे उसके मासिक धर्म के कारण थे। उसने हमें यह भी बताया कि उसका बेटा मडगांव शहर (दक्षिण गोवा में) में उसके दोस्त के साथ है। उसने उसका पता भी दिया।’’ नाइक ने बताया कि उन्होंने तुरंत फतोर्डा पुलिस (मडगांव के पास) की मदद ली, लेकिन पता चला कि उसने जो पता दिया था, वह फर्जी है।
निरीक्षक ने बाद में टैक्सी चालक से फोन पर बात की, जो उस समय बेंगलुरु जा रहा था और चित्रदुर्ग जिले पहुंच गया था। निरीक्षक ने टैक्सी चालक से आरोपी महिला को कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले के नजदीकी पुलिस थाने ले जाने को कहा। नाइक ने बताया चित्रदुर्ग में पुलिस ने महिला के बैग की तलाशी ली, तो उसमें उन्हें बच्चे का शव मिला। उन्होंने बताया कि कलंगुट पुलिस का एक दल इसके बाद चित्रदुर्ग रवाना हुआ और आरोपी की ट्रांजिट रिमांड हासिल की। नाइक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम चित्रदुर्ग में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेठ के खिलाफ गोवा के कलंगुट पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की 302 (हत्या) तथा 201 (सबूत नष्ट करना) और गोवा बाल अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 10 January 2024 at 20:00 IST