दिल्ली: किशोर ने मां के प्रेमी की हत्या करके शव तालाब में फेंका

दिल्ली में पुलिस ने एक किशोर को एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में पकड़ा है। किशोर पर आरोप है कि उसने अपनी मां के प्रेमी की हत्या करके उसके शव को यहां एक पार्क स्थित तालाब में कथित तौर पर फेंक दिया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Unidentified woman's body discovered with strangulation marks near UP village; police suspect murder
प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: PTI representation

दिल्ली में पुलिस ने एक किशोर को एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में पकड़ा है। किशोर पर आरोप है कि उसने अपनी मां के प्रेमी की हत्या करके उसके शव को यहां एक पार्क स्थित तालाब में कथित तौर पर फेंक दिया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी मां के कथित संबंध से नाराज होकर उसके प्रेमी की ईंट से वार करके हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक किशोर ने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अभिषेक धानिया ने मीडिया को दिए एक बयान में कहा, ‘‘हमें सोमवार को गाजीपुर थाने में एक पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि स्मृतिवन पार्क के तालाब में एक व्यक्ति का शव मिला है। टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं और 24 वर्षीय व्यक्ति का पानी में आंशिक रूप से डूबा हुआ शव बरामद किया, जिसकी पहचान बाद में उत्तराखंड निवासी राहुल सिंह बिष्ट के रूप में हुई। उसके सिर पर कई चोटें थीं।’’

उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए और शव को एलबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या का एक मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई।

Advertisement

बयान में कहा गया है, ‘‘गाजीपुर पुलिस, मादक पदार्थ निरोधक दस्ते (एएनएस), ‘स्पेशल स्टाफ’ और एएटीएस की चार टीम को तैनात किया गया था। दलों ने सीसीटीवी फुटेज, ‘कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर)’ और ‘ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (एएनपीआर)’ कैमरों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान, टीम ने पाया कि राहुल सिंह बिष्ट एक महिला के साथ लगातार संपर्क में था।’’

बयान में कहा गया है कि पूछताछ करने पर महिला ने स्वीकार किया कि राहुल सिंह बिष्ट के साथ उसके दो साल से संबंध थे। बयान में कहा गया है, महिला ने बताया कि राहुल पिछली रात नशे में उसके घर आया था और उसने हंगामा मचाया था, उसने अपने बेटे से उसे घर छोड़ने के लिए कहा।

Advertisement

पुलिस ने बताया कि महिला के बेटे को पकड़ लिया गया है और पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि राहुल को घर ले जाने के बजाय वह और उसका दोस्त उसे स्मृतिवन पार्क ले गए। पुलिस के अनुसार किशोर ने बताया कि उन्होंने उस पर ईंट से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, उसके बाद उन्होंने शव को तालाब में फेंक दिया और वहां से भाग गए।

पुलिस ने बताया कि दोनों किशोर दिल्ली से भागने की कोशिश करते समय पकड़े गए और मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Published By:
 Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड