अपडेटेड 11 April 2024 at 14:07 IST

Maharashtra: दंपति ने डेढ़ साल की बच्ची की हत्या कर दफनाया, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Maharashtra: ठाणे में एक दंपति ने डेढ़ साल की बच्ची की हत्या कर उसे दफना दिया, जिसके बाद इस मामले में पुलिस ने कई सप्ताह बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

Follow : Google News Icon  
arrested
हत्या कर दफनाने के मामले में दंपत्ति गिरफ्तार | Image: Freepik

Maharashtra: महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक दंपति द्वारा अपनी 18 महीने की बच्ची की कथित तौर पर हत्या किए जाने और शव को चुपचाप एक कब्रिस्तान में दफनाने की घटना के तीन सप्ताह से अधिक समय बाद पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकाला और पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस को किसी अनजान व्यक्ति ने पत्र भेज कर घटना की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि शहर के मुंब्रा में रहने वाले जाहिद शेख (38) और उसकी पत्नी (28) नूरामी को 18 मार्च को की गई हत्या के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार किया गया।

मुंब्रा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल शिंदे ने बताया, ‘‘पुलिस को हाल में एक गुमनाम पत्र मिला था जिसमें बताया गया था कि दंपति ने अपनी बच्ची लबीबा की हत्या कर शव को चुपचाप कब्रिस्तान में दफना दिया है। पुलिस ने जांच शुरू की और दंपति को हिरासत में ले लिया। शुरुआत में आरोपियों ने सहयोग नहीं किया, लेकिन बाद में उन्होंने जुर्म की पूरी दास्तां सुनाई। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्होंने बच्ची की हत्या क्यों की।’’

उन्होंने बताया,‘‘ दंपति ने बताया कि उन्होंने 18मार्च को अपनी बच्ची की हत्या की और शव को एक स्थानीय कब्रिस्तान में दफना दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्र से निकाला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के सिर और शरीर के अन्य हिस्से में चोट के निशान होने की बात सामने आई है।’’

Advertisement

दंपति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस निरीक्षक (अपराध) एस ए दावने ने बताया कि दंपति को बुधवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और उन्हें 15 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

Advertisement

ये भी पढ़ें: Teeth Whitening: मुस्कुराहट में रुकावट बन रहे हैं पीले दांत? अपनाएं ये टिप्स, आ जाएगी दूध सी सफेदी

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kajal .

पब्लिश्ड 11 April 2024 at 14:07 IST