"मैं झाड़ू लगाता हूं, बर्तन धोता हूं, फिर भी पत्नी पीटती है", फरीदाबाद में VIDEO बनाकर कारोबारी ने लगाई फांसी, 2 साल पहले हुई थी लव मैरिज
फरीदाबाद के 28 साल के गारमेंट कारोबारी राहुल ने लव मैरिज के महज 2 साल बाद अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले इंस्टाग्राम वीडियो में उसने पत्नी ज्योति और ससुराल पक्ष पर रोज मारपीट, प्रताड़ना और मानसिक यातना का आरोप लगाया। राहुल घर के सारे काम करता था, फिर भी तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
- भारत
- 3 min read
Haryana news: फरीदाबाद में एक छोटी सी गारमेंट्स की दुकान, अंदर एक 28 साल का मेहनती युवा, मन में हजारों सपने और अब हमेशा के लिए चुप। राहुल ने खुद को फांसी के फंदे में लटका लिया। मरने से पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसकी आंखों में आंसू थे और आवाज में गहरा दर्द। राहुल ने कहा-
“मैं झाड़ू लगाता था, बर्तन धोता था, फिर भी मेरी पत्नी मुझे पीटती थी। ससुराल वाले मुझे प्रताड़ित करते थे।”
राहुल ने अपनी पत्नी से परेशान होकर अपनी दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें पत्नी और ससुराल पक्ष पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। राहुल बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी था। उसने करीब चार महीने पहले सेक्टर-3 में अपनी गारमेंट्स की दुकान शुरू की थी।
2 साल पहले हुई लव मैरिज
राहुल ने सिर्फ दो साल पहले ज्योति से लव मैरिज की थी। प्यार में दोनों ने परिवार की मंजूरी के बिना गांठ बांधी थी। शायद सोचा होगा कि प्यार सब कुछ संभाल लेगा। लेकिन शादी के बाद जिंदगी एक सन्नाटे भरे युद्ध में बदल गई। परिजनों के अनुसार, ज्योति नहीं चाहती थी कि राहुल अपने माता-पिता के साथ रहे। वो अलग रहने को मजबूर हो गया। घर में रोज झगड़े, मारपीट, और मानसिक प्रताड़ना होने लगी। राहुल के भाई अमित ने बताया कि पत्नी ने उसके खिलाफ मारपीट का केस भी दर्ज करा दिया था।
Advertisement
वीडियो में राहुल ने क्या कहा?
कल्पना कीजिए, एक जवान लड़का, जो दिन भर दुकान पर मेहनत करता, लेकिन घर आकर चैन नहीं पाता। वो पत्नी के लिए घर के सारे काम करता, लेकिन बदले में उसे गालियां और थप्पड़ मिलते। वीडियो में राहुल ने अपनी पत्नी ज्योति, सास वीना, ससुर बिट्टू और पत्नी की बहन नीतू पर गंभीर आरोप लगाए। उसने दावा किया कि वह पत्नी के लिए झाड़ू लगाता, बर्तन धोता और घर के अन्य काम करता था, लेकिन इसके बावजूद उसे मारपीट का सामना करना पड़ता था।
वीडियो के अंत में उसने स्पष्ट रूप से कहा कि उसकी मौत के लिए पत्नी और ससुराल वाले जिम्मेदार हैं और उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। साथ ही उसने अपनी संपत्ति मां, बहन और भाइयों के नाम करने की इच्छा जताई।
Advertisement
परिजनों का आरोप
राहुल के भाई अमित ने बताया कि राहुल काफी समय से पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान था। पत्नी उसे माता-पिता से मिलने भी नहीं देती थी। घर में रोजाना झगड़े होते थे और मारपीट तक होती थी। जब परिजनों को वीडियो की जानकारी मिली, वे दुकान पर पहुंचे और शीशा तोड़कर अंदर घुसे, लेकिन तब तक राहुल फंदे पर लटक चुका था।
8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
फरीदाबाद पुलिस ने राहुल के पिता की शिकायत पर पत्नी ज्योति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।