CCTV बंद, सबूत डिलीट...पत्नी ने पहले की पति की हत्या फिर गला दबाकर चार साल के बेटे को भी मार डाला, प्रेमी संग मिलकर रात भर खेला खूनी खेल
बेंगलुरू के चिक्काबनावारा में डबल मर्डर केस सामने आया है। इस केस में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस ने मृतक अभिनंदन और चार साल के बेटे यदुवीर की हत्या के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया
- भारत
- 3 min read

बेंगलुरू के चिक्काबनावारा में डबल मर्डर केस सामने आया है। इस केस में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस ने मृतक अभिनंदन और चार साल के बेटे यदुवीर की हत्या के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय ए हरिणी और फैक्ट्री में काम करने वाले विनय कुमार के रूप में हुई है। दोनों करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए थे। पूछताछ के लिए दोनों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
घटना का खुलासा सोमवार सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब हरिणी ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर बताया कि उसका पति और बेटा घर में बिस्तर पर बेहोश पड़े हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों मृत मिले। जांच में पुलिस को शक हुआ कि अभिनंदन की हत्या पहले की गई थी। पुलिस का मानना है कि चार वर्षीय यदुवीर ने हत्या देख ली थी। इसके बाद राज खुलने के डर से हरिणी ने कथित तौर पर बच्चे का गला घोंट दिया।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, इसके बाद अभिनंदन के शव को बच्चे के शव के ऊपर रख दिया गया, ताकि घटना को ऐसा दिखाया जा सके कि पिता ने बेटे की हत्या की और फिर खुद भी मर गया या उसकी हत्या कर दी गई।
CCTV बंद, फोन से डिलीट किए सबूत
Advertisement
पुलिस को हरिणी के बयान में कई विरोधाभास मिले। जांच के दौरान घर में खून के निशान मिले। पुलिस का कहना है कि खून से सने कपड़ों को धोकर सुखाने के लिए रखा गया था। वहीं, घर के CCTV कैमरे रविवार रात करीब 10 बजे के बाद बंद पाए गए। पुलिस के मुताबिक, हरिणी ने अपने मोबाइल से कॉल हिस्ट्री, मैसेज और तस्वीरें भी डिलीट कर दी थीं। पूछताछ में उसके बयानों में भी विरोधाभास सामने आए।
रात 11 बजे प्रेमी को घर में बुलाने का आरोप
Advertisement
पुलिस के अनुसार, हरिणी ने कथित तौर पर रात करीब 11 बजे विनय को घर के अंदर आने दिया। वह उसके इशारे का इंतजार कर रहा था और घर में दाखिल होने से पहले उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था। बताया गया कि हमले की शुरुआत उस समय हुई जब अभिनंदन बाथरूम में था। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने उस पर हमला किया और उसका सिर बार-बार दीवार से पटका। इसके बाद विनय ने कथित तौर पर उसका गला दबा दिया।
शोर सुनकर चार साल का यदुवीर जाग गया और बाथरूम की तरफ आ गया। उसने अपने पिता पर हमला होते देखा और चीखने लगा। हरिणी ने कथित तौर पर बच्चे को बेडरूम में ले जाकर धमकाया और वापस सोने के लिए कहा। इसके बाद विनय कथित तौर पर अभिनंदन के शव को बेडरूम में ले गया और दोनों ने उसे बिस्तर पर रख दिया।