Kanpur: 'क्राइम पेट्रोल' देख बनाया कत्ल का प्लान, लेडिज बैग और बुर्का पहन बन गया महिला... फिर 18 साल पुराने दोस्त को उतार दिया मौत के घाट
कानपुर पुलिस ने कोचिंग संचालक प्रकाश चंद्र गुप्ता की हत्या का खुलासा कर दिया है। इस वारदात को उनके 18 साल पुराने दोस्त मोहित द्विवेदी ने अंजाम दिया था। आरोपी ने ‘क्राइम पेट्रोल’ और यूट्यूब से प्लान सीखा, बुर्का पहनकर महिला रूप बनाया। जानें पुलिस आरोपी तक कैसे पहुंची?
- भारत
- 2 min read
Crime News: कानपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। 18 साल पुराने दोस्त ने अपने कोचिंग संचालक दोस्त की निर्मम हत्या कर दी। खास बात ये है कि मृतक प्रकाश चंद्र गुप्ता की हत्या के आरोपी मोहित द्विवेदी ने टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल’ और यूट्यूब वीडियोज से हत्या की तरकीबें सीखीं।
आरोपी ने हत्या को अंजाम देने के लिए पहले से पूरी तैयारी कर रखी थी। लूट दिखाने के लिए मोहित ने खुद को महिला का रूप देकर बुर्का पहनकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी एडमिशन लेने के बहाने कोचिंग सेंटर पहुंचा था। वहां उसने प्रकाश चंद्र गुप्ता की सोने की चेन और ब्रेसलेट लूटने की कोशिश की। दोनों के बीच संघर्ष हुआ और आरोपी का नकाब उतर गया। पहचान खुलने के डर से मोहित ने अपने पुराने दोस्त की हत्या कर दी और शव को दूसरे कमरे में छिपा दिया।
बुर्का, महिलाओं वाली चप्पलें, लेडीज बैग
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मोहित द्विवेदी ने पूरी साजिश को बेहद सोच-समझकर रचा था। उसने खुदकी पहचान छुपाने के लिए बुर्का पहना, महिलाओं वाली चप्पलें, लेडीज बैग और दस्ताने खरीदकर खुद को महिला के रूप में तैयार किया। लेकिन अपराधी कितना भी शातिर हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता।
Advertisement
पहले से लिखी पर्चियों से संवाद
वारदात के वक्त उसकी आवाज ना पहचानी जाए, इसके लिए भी आरोपी मोहित ने पहले से तैयारी कर रखी थी। आवाज न पहचानी जाए, इसलिए उसने पहले से लिखी हुई पर्चियों का सहारा लिया और खुद को गूंगा बताकर संवाद करने की योजना बनाई।
'क्राइम पेट्रोल' देख बनाया प्लान
पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए 500 से ज्यादा CCTV फुटेज, सर्विलांस कैमरों और फॉरेंसिक जांच का सहारा लिया। मोहित द्विवेदी को सीएसए यूनिवर्सिटी गेट नंबर-3 के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, बुर्का, वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया।
Advertisement
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लूट और पहचान छिपाने के लिए क्राइम पेट्रोल शो से सीखी गई तकनीकों का पूरा इस्तेमाल किया। इस मामले में आगे की जांच जारी है।