अपडेटेड 6 December 2024 at 13:57 IST
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के आरोपों पर लोकसभा में कांग्रेस का विरोध, कार्यवाही बाधित
निशिकांत दुबे के आरोपों को लेकर लोकसभा में कांग्रेस सदस्यों के विरोध जताने के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
- भारत
- 2 min read
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे के आरोपों को लेकर शुक्रवार को लोकसभा में कांग्रेस सदस्यों के विरोध जताने के कारण सदन की कार्यवाही आरंभ होने के एक मिनट के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर कांग्रेस सांसद के सी वेणुगोपाल ने दुबे के आरोपों से जुड़े विषय को उठाने का प्रयास किया, हालांकि आसन से इसकी अनुमति नहीं मिली।
ओम बिरला ने की सदन चलने की अपील
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कांग्रेस सदस्यों से सदन चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा,
‘‘प्रश्नकाल है, क्या आप सदन नहीं चलाना नहीं चाहते? सदन मर्यादा, गरिमा और उच्च कोटि की परंपराओं से चलेगा। सदन के अंदर न गरिमा गिरने दूंगा और न मर्यादा कम होने दूंगा।’’
कांग्रेस सदस्यों का विरोध जारी रहने पर बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरू होने के एक मिनट के भीतर इसे दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। दुबे ने कल बृहस्पतिवार को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर विदेशी संगठनों और लोगों के माध्यम से देश की संसद, सरकार तथा अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया, जिस पर भारी हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही बाधित हुई थी।
Advertisement
कांग्रेस ने बीजेपी पर किया तीखा प्रहार
कांग्रेस ने सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कल दुबे और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा था कि जब अदाणी समूह के ‘‘भ्रष्टाचार’’ का मुद्दा उठाया जाता है तो ‘‘अदाणी के एजेंट’’ और ‘‘स्लीपर सेल’’ सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा विपक्ष के बारे में अपमानजनक बातें करते हैं। कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर उनसे यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया था कि दुबे अपने शब्द वापस लें और माफी मांगें।
यह भी पढ़ें: Dr BR Ambedkar Death Anniversary: राष्ट्रपति ने बाबासाहेब की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि
Advertisement
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 6 December 2024 at 13:57 IST