आने-जाने का किराया और ऊपर से 25 हजार रुपए अलग...राहुल गांधी के कार्यक्रम में आने के लिए जेन Z इनफ्लुएंसर को कांग्रेस ने दिया था ऑफर- VIDEO
बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 25 हजार रुपये तक की पेशकश कर रही है। इसके बाद खुद सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने वीडियो जारी कर इस दावे की पुष्टि की है।
- भारत
- 3 min read

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 22 अगस्त को पुणे में होने वाले छात्र संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर पहले ही विवाद शुरू हो गया है। कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को पैसे का ऑफर दिए जाने के आरोप और कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पुणे टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (COEP) के हॉस्टल में NCUI और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच देर रात झड़प के बाद राजनीतिक गलियारों में तनाव बढ़ गया है।
बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को कार्यक्रम में शामिल होने और अपने प्लेटफॉर्म पर इसका प्रचार करने के लिए 25 हजार रुपये तक की पेशकश कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक कथित फोन बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। इसके बाद खुद सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रिया खानोलकर (Rhea Khanolkar) ने भी वीडियो जारी कर इस दावे की पुष्टि की।
प्रदीप भंडारी ने शेयर किया बातचीत की रिकॉर्डिंग
प्रदीप भंडारी ने अपने X अकाउंट पर एक कॉल रिकॉर्डिंग भी साझा की, जिसमें कथित तौर पर एक युवती को कार्यक्रम में शामिल होने और राहुल गांधी को लेकर वीडियो बनाने के बदले 25 हजार रुपये देने की बात कही जा रही है। BJP प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस PR एजेंसियों और भुगतान के जरिए भीड़ जुटाकर राहुल गांधी के लिए समर्थन दिखाने की कोशिश कर रही है।
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने खुद बताई सच्चाई
अब खुद सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रिया खानोलकर ने सामने आकर इसकी पूरी सच्चाई बताया है। उन्होंने वीडियो जारी कर बताया कि उन्हें राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की कवरेज करने और वीडियो पोस्ट करने के एवज में 25,000 रुपये का ऑफर मिला था। रिया ने बताया कि कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ की कवरेज करने और उसके वीडियो को अपने अकाउंट से पोस्ट करने लिए ऑफर दिया गया था। मुझे यह बहुत खराब लगा कि उन्हें ये लगता है कि छात्रों को 25 हजार में खरीदा जा सकता है।
Advertisement
COEP में NCUI और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
इधर पुणे में देर रात COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में NCUI और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। एनएसयूआई प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले छात्र संवाद कार्यक्रम का समर्थन करने पर एबीवीपी सदस्यों ने छात्राओं को धमकाया, उन्हें कमरे में बंद किया और उनके साथ मारपीट की।
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर बवाल
ABVP ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। एबीवीपी सदस्यों का आरोप है कि एनएसयूआई प्रतिनिधि छात्रों पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दबाव बना रहे थे और उन्होंने छात्राओं के साथ मारपीट की। मौके पर पहुंचे कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने कहा, “राहुल गांधी के कार्यक्रम का समर्थन करने पर दो छात्राओं को एबीवीपी ने धमकाया और उनके साथ मारपीट की। वे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। रात बढ़ने के साथ दोनों संगठनों के छात्र और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की।