अपडेटेड July 7th 2024, 14:31 IST
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने असम में बाढ़ को ‘‘बाढ़ जैसी स्थिति’’ बताने के लिए रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना की और कहा कि यह जानकारी व गंभीरता के अभाव को दर्शाता है क्योंकि इस बाढ़ के कारण 70 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
गोगोई ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब शाह ने असम में बाढ़ पर ‘‘अजीब टिप्पणी’’ की है। उन्होंने कहा कि यह पूर्वोत्तर के लोगों की जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने में मदद करने में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार की नाकामी को उजागर करता है।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘असम में त्रासदी के संबंध में गृह मंत्री अमित शाह का बयान जानकारी व गंभीरता के अभाव को दर्शाता है। बाढ़ के कारण 70 से अधिक लोगों की मौत हो गयी है लेकिन फिर भी मंत्री मौजूदा आपदा को बाढ़ जैसी स्थिति बता रहे हैं।’’
दरअसल शाह ने शनिवार को कहा था कि भारी बारिश के कारण असम में ‘‘बाढ़ जैसी स्थिति’’ उत्पन्न हो गई है और उन्होंने मौजूदा स्थिति के बारे में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से बात की है।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम युद्ध स्तर पर काम करके राहत प्रदान करने के साथ प्रभावितों को बचा रही हैं। जोरहाट से सांसद गोगोई ने यह भी कहा कि हाल में आयी बाढ़ और भूस्खलन के कारण असम के लोग परेशानी में हैं। उन्होंने कहा कि माजुली में हर साल जिस स्तर पर भू धंसाव हो रहा है, वह चिंताजनक है।
उन्होंने कहा, ‘‘गरीब खासकर महिलाएं और बच्चे जलवायु परिवर्तन का सबसे अधिक दंश झेलते हैं। हमें असम में बाढ़ और भू धंसाव प्रबंधन में व्यापक निवेश की आवश्यकता है। अंतरराष्ट्रीय संस्थान, स्थानीय समुदाय, जिला व राज्य प्रशासन, केंद्र सरकार हर किसी को मदद करने की आवश्यकता है।’’
गोगोई ने गुवाहाटी में दो दिन पहले अपने पिता के स्कूटर से उफान पर बह रहे एक नाले में गिरने के कारण आठ वर्षीय लड़के की मौत पर भी दुख जताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘असम में हाल में आयी बाढ़ के दौरान एक दुखद घटना सामने आयी। अपने पिता के स्कूटर पर जा रहा आठ वर्षीय लड़का गिर गया और उफान पर बह रहे एक नाले में गिर गया। आम भारतीय कर दे रहे हैं लेकिन उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है।’’ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, असम में रविवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और करीब 24 लाख लोग इससे प्रभावित हैं।
पब्लिश्ड July 7th 2024, 14:31 IST