अपडेटेड 5 March 2025 at 11:22 IST

ओडिशा: कांग्रेस का महिलाओं के खिलाफ अपराध में वृद्धि का आरोप, 10 मार्च को बड़े आंदोलन का ऐलान

ओडिशा में कांग्रेस ने पिछले साल जून में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से महिलाओं के खिलाफ अपराध में वृद्धि का आरोप लगाते हुए 10 मार्च को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।

Follow : Google News Icon  
Congress to hold Pratigya rallies
ओडिशा में कांग्रेस का आंदोलन का ऐलान | Image: PTI

ओडिशा में विपक्षी दल कांग्रेस ने पिछले साल जून में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद से महिलाओं के खिलाफ अपराध में वृद्धि का आरोप लगाते हुए 10 मार्च को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। कांग्रेस की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा के सरकार बनाने के बाद राज्य में ‘‘कोई शासन नहीं’’ है और इस ‘‘अराजकता’’ से महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

उन्होंने मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला करते हुए कहा, ‘‘राज्य में हर दिन कम से कम सात महिलाओं को किसी न किसी तरह के अपमान का सामना करना पड़ता है। अगर कानून का शासन होता तो स्थिति अलग होती।’’ दास ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता 10 मार्च को हर जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करेंगे। एक बयान में प्रदेश कांग्रेस ने दावा किया कि पिछले आठ महीनों में महिलाओं से संबंधित 1,600 मामले सामने आए हैं और उनमें से 54 मामले सामूहिक बलात्कार के हैं।

महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल

इसमें कहा गया, ‘‘इससे पता चलता है कि राज्य में महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं। इसलिए कांग्रेस निश्चित रूप से इस मामले को लेकर पूरे राज्य में आंदोलन करेगी।’’ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयदेव जेना ने कहा, ‘‘आजादी के 77 साल बाद भाजपा पहली बार ओडिशा की सत्ता में आई है। वे सरकार में केवल आठ महीने से हैं और इसे ठीक से नहीं चला पा रहे हैं। लोग यहां सरकार के अस्तित्व को महसूस नहीं कर रहे हैं।’’

बीजेपी ने कांग्रेस पर बोला हमला

मुख्यमंत्री ने सोमवार को दावा किया था कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या में कमी आई है और उनकी सरकार जल्द इस मुद्दे पर श्वेत पत्र प्रकाशित करेगी। इस मुद्दे पर एक मार्च को मुख्यमंत्री आवास के निकट कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए माझी ने कहा, ‘‘कांग्रेस को सरकार पर निशाना साधने दीजिए। कांग्रेस एक डूबती हुई पार्टी है और वह सुर्खियों में आने के लिए ये सब (आंदोलन) कर रही है। वह निराधार आरोप लगा रही है।’’

Advertisement

यह भी पढ़ें: सिंगर कल्पना राघवेंद्र ने नींद की गोलियां खाकर की सुसाइड की कोशिश!

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 5 March 2025 at 11:22 IST