BJP सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ थाने में शिकायत, अखिलेश यादव के अल्टीमेटम के बाद सपा नेताओं का एक्शन; जानें क्यों मचा है घमासान
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी टिन्नू यादव से अखिलेश यादव पर फोन पर बातचीत करने वाले दावे को लेकर यूपी में सियासी उबाल आ गया है। इस पर भड़की समाजवादी पार्टी ने बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे समेत अन्य लोगों सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ इटावा में शिकायत दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
- भारत
- 3 min read

UP News: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपी टिन्नू यादव और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के बीच कथित बातचीत के दावे पर सियासी घमासान छिड़ गया है। इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मोर्चा खोलते हुए बीजेपी (BJP) सांसद निशिकांत दुबे और सोशल मीडिया के कई अन्य हैंडल्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सपाईयों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तुरंत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
इससे पहले टिन्नू यादव संग बातचीत के दावे को लेकर अखिलेश यादव और निशिकांत दुबे के बीच जुबानी जंग छिड़ी थी। अखिलेश ने निशिकांत को पोस्ट हटाने के लिए 10 दिन का अल्टीमेटम दिया था। ऐसा नहीं कराने पर FIR दर्ज कराने की भी चेतावनी दी गई थी। तब भी निशिकांत अपने बयान पर कायम रहे।
सपा नेता पहुंचे थाने
अब इटावा में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव गोपाल यादव के नेतृत्व में करीब दो दर्जन नगर पालिका सभासद, सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पहुंचे। यहां उन्होंने बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे समेत कई लोगों के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी।
शिकायत में क्या आरोप लगाए?
पुलिस को दी गई शिकायत में सपा नेताओं ने कहा है कि सोशल मीडिया पर कुछ अज्ञात लोग एक सोची-समझी साजिश के तहत उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ तथ्यहीन, अनर्गल और मनगढ़ंत वीडियो पोस्ट शेयर कर रहे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि राम मंदिर घोटाले के आरोपी टिन्नू यादव ने पिछले ढाई साल में अखिलेश यादव से 980 बार फोन पर बात की है। सपा ने इस दावे को पूरी तरह से गलत, बेबुनियाद और तथ्यहीन करार दिया है।
Advertisement
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक, भ्रामक और अशोभनीय टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। इससे समाज में आपसी वैमनस्य और शांति भंग होने की आशंका है।
किस-किसके नाम शामिल?
सपा नेताओं के मुताबिक, जिन सोशल मीडिया अकाउंट्स से यह पोस्ट किए जा रहे हैं, उनकी जांच करने पर कोई नाम-पता सामने नहीं आया है, जो साफ तौर पर फर्जी हैं। इसके अलावा, शिकायत में खास तौर पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे और अन्य नामों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया गया है कि इन्होंने भी इस फेक न्यूज को फैलाने का काम किया है। शिकायत में इन नामों को शामिल किया गया है: निशिकांत दुबे (BJP सांसद), प्रियंका राय, दी आर मानेसरिया, अखिलेश सिंह, अमित भारद्वाज।
Advertisement
समाजवादी पार्टी ने पुलिस से अपील की है कि इन फर्जी फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (X) हैंडल्स के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही, तकनीकी जांच के जरिए इन हैंडल्स को चलाने वाले संचालकों की असली पहचान सुनिश्चित की जाए और इस पूरी साजिश की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।