दिल्ली में हल्की बारिश के बाद ठंड बरकरार, कश्मीर में रात का तापमान बढ़ा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
weather update
बारिश के बाद ठंड बरकरार | Image: PTI

दिल्ली में सोमवार को ठंड का प्रकोप जारी रहा और यहां कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि रात भर हुई बर्फबारी के बाद कश्मीर में रात्रिकालीन तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई, हालांकि घाटी में पारा हिमांक बिंदु से नीचे रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों और ऊंची पहाड़ियों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश एवं बर्फबारी हुई, जिससे पारा चार से सात डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

इसी तरह पंजाब और हरियाणा में सोमवार को भी ठिठुरन रही और दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर सुबह के समय कोहरा छाया रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी में तीन दिनों के बाद कोहरा छंट गया, जिससे सुबह दृश्यता में सुधार हुआ।

दिल्ली में 9.6 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान  

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े आठ बजे के बीच नजफगढ़ में 2.5 मिलीमीटर, पीतमपुरा में दो मिमी, पालम में एक मिमी और पूसा में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। सुबह साढ़े पांच बजे सफदरजंग और पालम में दृश्यता 300 मीटर थी।

मंगलवार को आसमान साफ ​​रहने का अनुमान 

राष्ट्रीय राजधानी में घने कोहरे के कारण शुक्रवार, शनिवार और रविवार को सुबह दृश्यता शून्य हो गई, जिससे यहां उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, मार्ग परिवर्तित करना पड़ा तथा रेलगाड़ियों का परिचालन भी देरी से हुआ। शनिवार को नौ घंटे तक दृश्यता शून्य रही। मौसम विभाग ने मंगलवार को आसमान साफ ​​रहने का अनुमान जताया है तथा सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से छह किलोमीटर प्रति घंटे से कम गति से हवा चलने की संभावना है।

Advertisement

विभाग ने बताया कि अधिकतर स्थानों पर धुंध और मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है तथा सुबह के समय कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। कश्मीर में रात भर हुई बर्फबारी के बाद रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई, लेकिन पारा अब भी हिमांक बिंदु से नीचे है।

श्रीनगर में लुढ़का पारा

मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 2.5 डिग्री से दो डिग्री अधिक है। उत्तरी कश्मीर में ‘स्कीइंग’ गतिविधियों के लिए मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Advertisement

कश्मीर के प्रवेश द्वार शहर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर शहर के कोनिबल में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

पंजाब में क्या हाल?

मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले का बल्लोवाल सौंखरी 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 8.4 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 9.3 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 7.4 डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 9.4 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 8.5 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 7.5 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 10 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।

ये भी पढ़ें: योगेंद्र चंदोलिया ने केजरीवाल को बौखलाया हुआ बताया, बोले- 'झुग्गीवासियों को घर देने, 12200 करोड़ की योजनाओं से बदलेगी दिल्ली'

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Sagar Singh
पब्लिश्ड