अपडेटेड 19 June 2024 at 10:11 IST
पत्नी को देहरा सीट से टिकट मिलने पर CM सुक्खू का बयान, ‘मैं खुद चाहता हूं कि राजनीति में परिवार से…’
CM Sukhu Wife Kamlesh Thakur : कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर पर दांव खेला। बोले- हाईकमान ने पत्नी को मैदान में उतारने को कहा है।
- भारत
- 3 min read

CM Sukhu Wife Gets Ticket : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की तीन सीटों पर 10 जुलाई को उपचुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस ने नालागढ़ और हमीरपुर सीट पर पहले ही प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया था और अब कांग्रेस ने प्रदेश की देहरा विधानसभा सीट से भी उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने देहरा विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के इस फैसले के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू का बयान भी अब सामने आया है, उन्होंने कहा है कि मुझे अपनी पत्नी को चुनावी मैदान में उतारने को कहा गया है।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर पर दांव खेला है। जिनका मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार होशियार सिंह से होगा। बता दें कमलेश ठाकुर का मायका देहरा में ही है। ऐसे में पार्टी ने सीएम सुक्खू की पत्नी पर इस सीट पर भरोसा जताया है। कमलेश ठाकुर का राजनीति में यह डेब्यू होगा।
हाईकमान ने पत्नी को चुनावी मैदान में उतारने को कहा- CM सुक्खू
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि, ‘हाईकमान ने विधानसभा चुनाव में मुझे अपनी पत्नी को चुनावी मैदान में उतारने को कहा है, इससे पहले हाईकमान द्वारा लोकसभा चुनाव में लड़ने को भी कहा गया था। सर्वे के बाद मेरी पत्नी का नाम आया लेकिन मैंने फिर भी इनकार किया, मैं खुद चाहता हूं कि राजनीति में परिवार से सिर्फ एक व्यक्ति आए लेकिन जिस प्रकार की राजनीतिक परिस्थितियां राज्य में है उसे देखते हुए, वह लड़ाई लड़ने के लिए मेरी पत्नी के घर की सीट से चुनाव लड़ने को कहा गया। जब फैसला लेने का समय आया तो मैंने हाईकमान के फैसले को अपनाया"।
सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर की राजनीति में एंट्री
कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की तीनों विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है, जहां आगामी 10 जुलाई को उपचुनाव होना है। ये सीटें देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ हैं। जहां कमलेश ठाकुर देहरा से राजनीति में डेब्यू करेंगी और हमीरपुर से डॉ पुष्पेंद्र वर्मा और नालागढ़ सीट से हरदीप सिंह बावा के नाम का ऐलान किया गया है।
Advertisement
10 जुलाई को होगा मतदान; 13 को आएंगे परिणाम
दरअसल, हिमाचल प्रदेश की इन तीनों सीटों पर निर्दलीय विधायकों के त्यागपत्र स्वीकार होने के बाद उपचुनाव होने जा रहे हैं। 2022 के चुनावों में यहां से निर्दलीय विधायकों ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद फरवरी 2024 में राज्यसभा चुनाव के बाद प्रदेश में हुए सियासी घटनाक्रम में जहां कांग्रेस के 6 विधायकों की सदस्यता चली गई थी तो वहीं इन तीनों निर्दलीयों ने पद से इस्तीफा दे दिया था। तीनों निर्दलीय बीजेपी के साथ चले गए थे। अब आगामी उपचुनाव में बीजेपी ने इन्हीं तीनों विधायकों पर दांव खेला है। बता दें 10 जुलाई को तीन विधानसभी सीटों पर उप चुनाव होंगे और परिणाम 13 जुलाई को आ जाएंगे।
Advertisement
देहरा में 15 साल से नहीं जीती कांग्रेस
राजनीतिक हलचक के बीच चर्चा तेज है कि तीनों विधानसभा सीटों पर जहां उपचुनाव हो रहे हैं उन पर कांग्रेस पिछले कई चुनावों से हारती आ रही है। ऐसे में यदि वह बीजेपी से कोई भी सीट छीन लेती है तो यह उसके लिए बड़ी जीत मानी जाएगी। देहरा में 15 साल से कांग्रेस नहीं जीती, यही कारण है कि यहां से मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है और आतंरिक गुटबाजी को रोकने के लिए यह कदम उठाया है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 19 June 2024 at 07:50 IST