चिराग पासवान को बड़ा भाई बता बड़ी-बड़ी डींगे हांक रहा था स्वतंत्र भारद्वाज, LJPR चीफ ने दिल्ली में दर्ज कराई शिकायत; बोले- मैं तो उसे जानता भी नहीं
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा के पिता पर हमले के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दी है।
- भारत
- 4 min read

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा के पिता पर हमले के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दी है। चिराग ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्र भारद्वाज से उनका कोई रिश्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया। इसलिए उन्होंने शिकायत की है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग ने यह भी कहा कि स्वतंत्र खुलेआम मारपीट की बात कबूल कर रहा है, अगर उस पर कार्रवाई नहीं हुई तो देश की जनता के बीच गलत उदाहरण जाएगा। उन्होंने दिल्ली पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।
आपको बता दें कि आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज ने एक पॉडकॉस्ट में चिराग पासवान से संपर्क का दावा किया था। चिराग पासवान ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं से कई लोग मिलते हैं। कोई अपनी समस्या लेकर आता है। कोई अपनी बात रखने आता है। ऐसे में किसी नेता से मिलना निजी संबंध होने का सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारद्वाज ने कई राजनेताओं के साथ उनके नाम का भी इस्तेमाल किया है।
'मेरे और पार्टी के नाम का मिसयूज किया गया'
चिराग पासवान ने कहा कि स्वतंत्र भारद्वाज ने उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर उनकी और उनकी पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में किसी भी राजनीतिक व्यक्ति से मिलना अलग बात है, लेकिन उस मुलाकात या तस्वीर के आधार पर व्यक्तिगत संबंध होने का दावा करना पूरी तरह गलत है।
Advertisement
चिराग पासवान ने की अधिकृत शिकायत
चिराग पासवान ने बताया कि उन्होंने इस मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अधिकृत शिकायत भी की है। साथ ही उन्होंने दिल्ली पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और अगर किसी ने कानून का मजाक उड़ाने का काम किया है, तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
Advertisement
'कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए'
चिराग पासवान ने कहा कि जिस व्यक्ति ने कथित तौर पर किसी व्यक्ति के साथ मारपीट की बात सार्वजनिक रूप से कही है, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अपराध की बात खुलेआम स्वीकार करता है और उस पर कार्रवाई नहीं होती है, तो इससे कानून-व्यवस्था को लेकर गलत संदेश जाएगा।
स्वतंत्र भारद्वाज ने चिराग पासवान को बताया था बड़ा भाई
दरअसल, एक पॉडकास्ट में स्वतंत्र भारद्वाज ने दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान नीशू आजाद नाम की छात्रा के पिता संजय कुमार आजाद पर हमले की बात कबूली थी। उसने कहा कि नीशू के पिता का उसने सिर फाड़ा, हाफ मर्डर की धारा लगती है। मगर वह फिर भी जेल नहीं गया और अगले दिन थाने से छूटकर आ गया। उसी वाकये का जिक्र करते हुए उसने कपिल मिश्रा, चिराग पासवान और यहां तक की प्रधानमंत्री का नाम लेकर उन्हें अपना बड़ा भाई बताया। स्वतंत्र ने कहा था कि इन सभी का सपोर्ट उसके साथ है।
दिल्ली में सीजेपी का प्रदर्शन, स्वतंत्र भारद्वाज को पुलिस ने यूपी से उठाया
दूसरी ओर, स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ सीजेपी के कार्यकर्ता शुक्रवार को नई दिल्ली में सड़कों पर उतर आए। संसद भवन थाने के बाहर भारी हंगामा हुआ। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रत भारद्वाज के खिलाफ मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज की और उसमें एससी-एसटी की धारा भी जोड़ी। शाम में स्वतंत्र को यूपी के बुलंदशहर से हिरासत में भी ले लिया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय के साथ कथित मारपीट हुई। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान स्वतंत्र भारद्वाज ने संजय के साथ मारपीट की। इस मामले में पहले ही दिल्ली के संसद मार्ग थाने में FIR दर्ज की जा चुकी थी।
बाद में स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह कथित तौर पर संजय के सिर पर हमला करने की बात करता नजर आया। उसने चिराग पासवान समेत कई नेताओं के करीबी होने का दावा किया है। वीडियो सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया। निशु आजाद समेत प्रदर्शन से जुड़े लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।