अपडेटेड 7 October 2024 at 21:59 IST
झारखंड चुनाव राजग के साथ लड़ेंगे चिराग पासवान? अमित शाह से मुलाकात के बाद बोले- जल्द फैसला होगा...
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोमवार को कहा कि उनकी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) झारखंड में विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है और इस बारे में जल्द निर्णय लिया जा
- भारत
- 2 min read

Chirag Paswan : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोमवार को कहा कि उनकी लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) झारखंड में विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है और इस बारे में जल्द निर्णय लिया जाएगा कि पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ।
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने रविवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की जहां झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बैठक बहुत सकारात्मक रही।
अमित शाह से मुलाकात पर क्या बोले चिराग?
पासवान ने यहां फिक्की के एक समारोह से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने कल गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। हमने देश में मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव पर चर्चा की। झारखंड को लेकर भी चर्चा हुई।’’
झारखंड में राजग के साथ मिलकर चुनाव…
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने हाल में हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों में भाग नहीं लिया, लेकिन भाजपा का समर्थन किया। पासवान ने कहा, ‘‘झारखंड में भी मेरी सोच यही है कि हम लोग राजग के साथ मिलकर चुनाव लड़ें।’’ उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय 2-4 दिन में लिया जाएगा।
Advertisement
इस साल के अंत में होने हैं झारखंड विधानसभा चुनाव
झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव इस साल के अंत में होने हैं और जल्द ही तारीखों की घोषणा की जा सकती है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश इकाई चुनाव लड़ना चाहती है। देखते हैं, हम गठबंधन के तहत लड़ते हैं या अकेले, स्थिति कैसी बनती है। केंद्रीय गृह मंत्री के साथ मेरी बहुत सकारात्मक बैठक हुई। अगले कुछ दिन में तस्वीर साफ हो जाएगी।’’
Advertisement
जब पासवान से पूछा गया कि उनकी पार्टी ने कितनी सीट मांगी हैं तो उन्होंने कहा कि वह गठबंधन के सिद्धांतों के अनुरूप यह बात सार्वजनिक नहीं करेंगे। हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए ‘एग्जिट पोल’ के परिणामों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने विश्वास जताया कि राजग सरकार बनाएगा। अपने दिवंगत पिता राम विलास पासवान को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मांगों पर चिराग पासवान ने कहा कि एक बेटे के रूप में उनकी हमेशा यह इच्छा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘कोई चीज अगर मांग के मिली तो क्या मिली।’’
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 7 October 2024 at 21:59 IST